Logo
कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र निवासी ITBP जवान विनोद कुमार गोटी 7 फरवरी को लुधियाना से छुट्टी पर घर के लिए निकले थे, लेकिन 20 फरवरी तक घर नहीं पहुंचे।

गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिलें के चारामा क्षेत्र का रहने वाला ITBP का जवान उत्तर प्रदेश से लापता हो गया है। जवान 7 फरवरी को लुधियाना से छुट्टी पर अपने गांव आने निकला था, जो 20 फरवरी तक अपने घर नहीं पहुंचा है। जवान का सामान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रेलवे पुलिस ने बरामद किया है, लेकिन अब तक जवान का कुछ पता नहीं चल सका है। 

मिली जानकारी के अनुसार, चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसावाही गांव का रहने वाला आईटीबीपी का जवान विनोद कुमार गोटी ने 7 फरवरी को अपने परिजनों से फोन पर बात की थी और छुट्टी पर घर आने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद जब उसके घर के लोगों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका फोन बंद मिला। 

गोरखपुर के रेलवे पुलिस ने उठाया फोन
कई बार फोन करने के बाद भी जवान से संपर्क नहीं होने पर परिजन काफी परेशान थे। लेकिन इसी बीच जवान के फोन पर रिंग गई और फोन गोरखपुर के रेलवे पुलिस ने उठाया और जवान का सामान स्टेशन पर मिलने की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन गोरखपुर भी गए लेकिन जवान का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। 

7 फरवरी की रात जवान से हुई थी बात
गौरतलब है कि, 7 फरवरी की रात लगभग 10 बजे जवान विनोद गोटी ने अपने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि, वे छुट्टी लेकर घर आ रहे हैं और रायपुर पहुंचने के बाद परिजनों को उन्हें लेने आने के लिए कहा था। इसके बाद अगली सुबह जब उनके पिता ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। 

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
घटना के बाद से जवान विनोद कुमार गोटी की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। जवान के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से जल्द से जल्द जवान को ढूंढ निकालने की अपील कर रहे हैं।

5379487