Logo
केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में शुक्रवार को गरियाबंद में प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। 

गोरेलाल सिन्हा- गरियाबंद। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में शुक्रवार को गरियाबंद में प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मनरेगा बचाव संग्राम के तहत आयोजित इस आंदोलन में मनरेगा के नाम में बदलाव और कथित नए कानून के विरोध को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। 

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। आंदोलन की शुरुआत नगर के रावणभाठा मैदान से हुई, जहां एक आमसभा आयोजित की गई। सभा के बाद सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। 

 पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की 
पुलिस ने कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार पर बैरिकेड लगाकर जुलूस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। महिला पुलिसकर्मियों और महिला कार्यकर्ताओं के बीच भी कुछ देर के लिए झड़प की स्थिति बनी रही। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट परिसर तक नहीं पहुंच सके। बाद में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

मांग पुरी नहीं हुई तो आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा
बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि, सरकार गांधी नाम से भयभीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि, चाहे महात्मा गांधी हों, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी या राहुल हर गांधी को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक देश में लोकतंत्र कायम है, नाथूराम गोडसे की विचारधारा सफल नहीं होगी। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर लगाया आरोप 
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि, केंद्र सरकार महात्मा गांधी नेशनल रोजगार गारंटी कानून को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है और उसकी जगह नया कानून लाने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि इससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा तथा पलायन की समस्या बढ़ेगी।

 मनरेगा मजदूर वर्ग के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण साधन 
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि, मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण साधन है। यदि यह व्यवस्था कमजोर होती है तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बच्चों की शिक्षा और स्थानीय रोजगार पर व्यापक असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों से उनकी मजदूरी छीनी जा रही है और देशभर में मनरेगा श्रमिक विरोध जता रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार किसान और मजदूरों की आवाज उठा रहे हैं 
 और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।

ये लोग रहे मौजूद 
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। आंदोलन में बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, प्रशासनिक महामंत्री ठाकुर ओंकार सिंह, शैलेंद्र साहू, स्मृति सिंह ठाकुर, गौरव मिश्रा, पुष्पा साहू, अमित मिरि, रूपेश साहू, संदीप सरकार, प्रेम सोनवानी, छगन यादव, मोतीराम साहू, राजेश साहू, बेदराम साहू, नीरज ठाकुर, डीके ठाकुर, चेतन सिन्हा,दुर्गा प्रसाद सिन्हा,हेमलता सिन्हा, योगेश्वरी साहू, श्रद्धा ठाकुर, अवध राम यादव ऐश्वर्य यदु सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

5379487