रायपुर। क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत विभिन्न शहरों के लिए संचालित होने वाली फ्लाइट यात्रियों के लिए तरस रही है। हाल ही में तीन सेक्टरों में उड़ान भरने वाली फ्लाइट दस से बीस यात्रियों के साथ संचालित हो रही है। रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद के बीच संचालित होने वाली फ्लाइट शनिवार को नहीं उड़ी, वहीं अंबिकापुर-कोलकाता की दूसरी उड़ान 9 यात्रियों के साथ पूरी हुई। गुरुवार को इसकी पहली उड़ान में केवल 3 यात्री शामिल थे। क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत हाल ही में अलायंस एयर लाइंस कंपनी ने रायपुर के साथ जगदलपुर और अंबिकापुर को नए शहरों से हवाई कनेक्टिविटी दी। योजना के तहत यात्रियों को फिक्स फेयर में उड़ान सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके बावजूद इन फ्लाइटों में यात्रियों की पुअर स्थिति है।
31 मार्च से तीन शहर रायपुर-जगदलपुर हैदराबाद को जोड़ने वाली 72 सीटर फ्लाइट को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पाए थे। दो बार संचालित हुई इस फ्लाइट में तीन शहरों के बीच सर्वाधिक 22 यात्रियों ने सफर किया था। सप्ताह में तीसरे दिन यानी शनिवार को पूर्व घोषित शेड्यूल के मुताबिक इसका संचालन नहीं किया गया। इसी तरह अंबिकापुर से कोलकाता को जोड़ने वाली फ्लाइट 2 अप्रैल गुरुवार से शुरू हुई। इस फ्लाइट में भी पहले दिन केवल तीन और दूसरे दिन यानी आज शनिवार को 9 यात्री मिले। जानकार सूत्रों का कहना है कि इन शहरों की तरह रायपुर-रीवा को जोड़ने वाली उड़ान का हाल भी कुछ अच्छा नहीं है। इस फ्लाइट में भी यात्रियों की सर्वाधिक संख्या 20 से ऊपर नहीं गई है।
रीवा-फ्लाइट संतोषजनक नहीं, उत्केला उड़ान बंद
रायपुर से रीवा को जोड़ने के लिए सप्ताह में तीन दिन मंगल, गुरु और शनिवार फ्लाइट का संचालन किया जा रहा है। 72 सीटर इस फ्लाइट का संचालन 17 मार्च से किया जा रहा है। शुरुआती दिनों में इसमें यात्रियों की संख्या ठीक रही, मगर धीरे-धीरे इसके लिए भी पर्याप्त बुकिंग नहीं हो रही है। कुछ समय पर ओड़िशा के उत्केला से रायपुर को जोड़ने के लिए फ्लाई बिग द्वारा 19 सीटर छोटा विमान चलाया जा रहा था। यात्रियों की समस्या होने की वजह से इसे छह महीने पहले बंद कर दिया गया।
रायपुर-जगदलपुर बड़ी चुनौती
हैदराबाद से उड़ान भरने वाली फ्लाइट छत्तीसगढ़ के दो शहरों जगदलपुर, रायपुर को जोड़ती है। 31 मार्च को जगदलपुर से रायपुर आने के दौरान इसमें 9 यात्री सवार थे, जबकि वापसी में केवल 2 यात्रियों को लेकर फ्लाइट रवाना हुई। गुरुवार को भी इसकी स्थिति ठीक नहीं थी। आवाजाही के दौरान तीनों शहरों के यात्रियों की कुल संख्या पचास तक नहीं पहुंची थी। इस सेक्टर में फ्लाइट चलाने तीन बार अलग-अलग कंपनियां प्रयास हो चुकी हैं, मगर हवाई सफर यात्रियों को आकर्षित नहीं कर पाया है।
अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता की फ्लाइट
सरगुजा संभाग के यात्रियों को हवाई सफर की सुविधा देने के लिए दरिमा (अंबिकापुर) एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के अलग-अलग दिन फ्लाइट सेवा शुरू की गई है। अलायंस एयर की फ्लाइट सोमवार को अंबिकापुर से सीधे दिल्ली, जबकि बुधवार को बिलासपुर होते हुए दिल्ली जा रही है। वहीं गुरुवार को इसकी उड़ान अंबिकापुर से कोलकाता के बीच पूरी हो रही है। इन फ्लाइट में भी यात्रियों की संख्या तीस फीसदी से कम है। इसीलिए इन फ्लाइट को बहुत लंबे समय तक संचालित करना बड़ी चुनौती है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)