विधायक रोहित साहू की पहल पर राजिम क्षेत्र के किसानों को राजस्व संबंधी समस्याओं से जल्द राहत मिलेगी। इसके लिए विशेष शिविर लगेंगे।

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। क्षेत्र के नागरिकों को राजस्व संबंधी समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए राजिम विधायक रोहित साहू की सक्रियता रंग लाई है। विगत दिनों जिला मुख्यालय गरियाबंद में हुई बैठक में विधायक रोहित साहू ने कलेक्टर को निर्देश दिए थे कि, राजस्व संबंधित प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में होने चाहिए।

विधायक के निर्देशों के बाद कलेक्टर के मार्गदर्शन में राजिम एसडीएम विशाल महाराणा ने अनुविभाग के सभी राजस्व मंडलों में विशेष शिविर आयोजित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नाम में त्रुटि सुधार जैसे महीनों से लंबित पड़े मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण करना है। विगत दिनों विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर को निर्देशित किया था कि, राजस्व मामलों में हो रही देरी को समाप्त किया जाए। विधायक ने स्पष्ट किया कि, आम जनता को तहसील और दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासन को जनता के बीच पहुँचना होगा।

विधायक साहू ने शिविरों का लाभ उठाने की अपील की
विधायक रोहित साहू ने जनता से अपील करते हुए कहा कि, राजस्व प्रकरणों के लंबित रहने से किसानों और ग्रामीणों को मानसिक व आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती है। शासन-प्रशासन की मंशा है कि जनहित के कार्य समय सीमा में पूरे हों। मेरी अपील है कि क्षेत्रवासी इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने प्रकरणों का सही समय पर निदान पाएं। इन शिविरों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और संबंधित हल्का पटवारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। राजस्व मामलों का निपटारा तत्काल किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों के लिए समय सीमा निर्धारित की जाएगी। 

राजस्व संबंधी सभी समस्याओं का होगा निवारण
इन विशेष शिविरों में मुख्य रूप से फौती एवं आपसी सहमति से नामांतरण। खातों का बंटवारा एवं सुधार, भूमि का सीमांकन एवं नक्शा बटांकन। ऋण पुस्तिका जारी करना। आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र संबंधी लंबित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। विधायक के निर्देशो के परिपालन में राजिम एसडीएम ने विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी है। सभी राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के लंबित प्रकरणों की सूची तैयार रखें और शिविर के दौरान आवेदकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। 

कब कहा लगेगा शिविर 
जारी शेड्यूल अनुसार राजस्व निरीक्षक मंडल अंतर्गत मंगल भवन राजिम में 16 मार्च को, राजस्व निरीक्षक मंडल कौन्दकेरा अंतर्गत नगर पंचायत कोपरा में 18 मार्च को, राजस्व निरीक्षक मंडल बासीन अंतर्गत ग्राम परसदा जोशी में 20 मार्च को, राजस्व निरीक्षक मंडल फिंगेश्वर अंतर्गत मंगल भवन में 23 मार्च और राजस्व निरीक्षक मंडल जामगांव अंतर्गत जामगाँव में 25 मार्च को शिविर लगाया जाएगा जिसमें संबंधित राजस्व निरीक्षक मंडल अंतर्गत आने वाले पटवारी हल्का एवं उसमें संबंधित ग्रामों की राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। विधायक रोहित साहू की इस पहल से राजिम क्षेत्र के हजारों किसानों और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। प्रशासन के इस कदम से लंबित राजस्व प्रकरणों का बोझ कम होगा।