श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल रविवार शाम नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पवन सोनकर के निवास पहुंचे। उनके आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
श्री बघेल के साथ पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, बिंद्रा नवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष पवन सोनकर, विकास तिवारी, सुनील तिवारी, राजेंद्र गुप्ता सहित गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, राजिम कांग्रेस के कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने श्री बघेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर माला पहनाकर स्वागत किया।
जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता : बघेल
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, आगामी चुनाव के लिए अब बहुत कम समय बचा है। लगभग ढाई वर्ष का समय शेष है और इस अवधि में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, मौजूदा सरकार किसी भी वर्ग के हित में काम नहीं कर रही है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और कमियों को उजागर करें तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाएं।

नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई। श्री बघेल ने संगठनात्मक विषयों के साथ क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। सभी कार्यकर्ता गांव-गांव, मोहल्लों में जाकर आम जनता से संपर्क बढ़ाएं। ये सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं से जुड़े कई मुद्दों पर जवाब देने की स्थिति में नहीं है।
किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है
श्री बघेल ने कहा कि, कांग्रेस हमारा परिवार और हर सदस्य की भूमिका अहम है। सभी में उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है। इन दिनों विधानसभा का सत्र चल रहा है और सदन में सत्ता पक्ष कई मुद्दों पर बैकफुट पर नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर है किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। किसानों, मजदूरों, महिलाओं, आदिवासियों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई संगठित होकर लड़नी होगी, ताकि जनता की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जा सके।

हम फिर सत्ता में लौटेंगे : भूपेश
उन्होने कहा कि अफीम की खेती चरम पर है, कानून व्यवस्था के हालात बिगड़े हुए है। सिलेंडर की आपूर्ति नही कर पा रहे है। डबल इंजन की सरकार फेलवर है इससे अच्छा तो हमारी सिंगल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ में बेहतर काम किया। हम फिर सत्ता में लौटेंगे, कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करे। आभार प्रदर्शन नपा के पूर्व अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पवन सोनकर ने किया। लंबे समय के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल राजिम पहुंंचे थे।








