रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मनगरी राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 के भव्य समापन अवसर पर सबसे पहले प्राचीन राजीव लोचन मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान राजीव लोचन के श्रीचरणों में नमन करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना की। CM ने कहा कि, यह पवित्र तीर्थ हमारी सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है।
कुलेश्वरनाथ महादेव में जलाभिषेक
राजीव लोचन मंदिर के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री साय त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि, राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

महानदी तट पर भव्य महाआरती
मंदिर दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और दीपों की पावन ज्योति से पूरा संगम क्षेत्र दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक महानदी मैया की आरती उतारकर प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम
अपने संबोधन में CM साय ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प हमारी परंपराओं, सामाजिक सद्भाव और समरसता को सुदृढ़ करने वाला महापर्व है। यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुओं की उपस्थिति
राजिम कुंभ के समापन कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालुओं ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन को भव्यता प्रदान की।










