shahid Afridi on ind vs pak: भारत के खिलाफ एक और हार… और पाकिस्तान में फिर सवालों का तूफान खड़ा हो गया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में टीम इंडिया ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी। मुकाबले से पहले कई दिग्गजों ने उम्मीद जताई थी कि इस बार पाकिस्तान कड़ी टक्कर देगा लेकिन मैदान पर कहानी कुछ और ही रही।
टॉस से लेकर प्लेइंग-11 तक कई फैसले सवालों के घेरे में रहे। स्टार खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। गेंदबाजी और बल्लेबाजी- दोनों में पाकिस्तान कमजोर दिखा। यही वजह रही कि मैच एकतरफा बन गया।
मैं तो शाहीन, बाबर को बैठा दूंगा: अफरीदी
हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपनी ही टीम पर खुलकर निशाना साधा। उन्होंने किसी को नहीं बख्शा, यहां तक कि अपने दामाद शाहीन अफरीदी को भी नहीं। शाहीन ने इस मैच में दो ओवर में 31 रन दे दिए, जो पाकिस्तान के लिए महंगे साबित हुए।
Shahid Afridi said, "Drop Shaheen, drop Shadab, and drop Babar. They've always let us down in crucial big games. Try fresh faces against Namibia and give the new players a chance to build confidence".pic.twitter.com/6JPFIuKy0O
— Salman. (@TsMeSalman) February 15, 2026
'मैं तो नए लड़कों को मौका देता'
अफरीदी ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल पर कहा, 'अगर फैसला मुझे करना हो तो मैं शाहीन को बैठाऊं, बाबर को बैठाऊं और शादाब को भी बाहर रखूं। नए लड़कों को मौका दूं। नामीबिया के खिलाफ मैच में युवाओं पर भरोसा करूं, उन्हें आत्मविश्वास दूं और लगातार खिलाऊं।'
उन्होंने आगे कहा कि इन सीनियर खिलाड़ियों को लंबे समय से मौके मिल रहे हैं लेकिन बड़े मैचों में उनसे जिस प्रदर्शन की उम्मीद होती है, वह नहीं दिख रहा। अफरीदी के मुताबिक, 'जब ये खिलाड़ी डिलीवर नहीं कर पा रहे, तो फिर बेंच पर बैठे जूनियर्स को मौका देने में क्या हर्ज है?'
पाकिस्तान अब अपने अगले मुकाबले में नामीबिया से भिड़ेगा। दोनों टीमें 18 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। सुपर-8 में जगह बनाने की उम्मीद जिंदा रखने के लिए पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है।
भारत के खिलाफ हार ने टीम की रणनीति और टीम कॉम्बिनेशन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मैनेजमेंट सीनियर खिलाड़ियों पर भरोसा जारी रखता है या अफरीदी की सलाह मानकर युवा चेहरों को मौका देता है।










