श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके अचानक राजिम पहुंचे। वार्ड नं 14 पथर्रा के पीएम श्री प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण करते हुए शिक्षा, साफ-सफाई, पोषण, आधारभूत सुविधाओं तथा बच्चों की शैक्षिक रुचियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्कूल में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, तथा बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने की जानकारी ली।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों को निर्धारित मापदंड के अनुसार मध्यान्ह भोजन कराये। इसके उपरांत उन्होंने बालिका शौचालय की स्थिति का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि शौचालयों को नियमित रूप से साफ-सुथरे रखें। कीचन रूम को व्यवस्थित रखने, गैस सिलेंडर सहित अन्य व्यवस्थाओं के सुरक्षित उपयोग करने कहा। विद्यालय परिसर में प्रवेश करते हुए उन्होंने मैदान की स्थिति, बच्चों के खेलने के स्थान, तथा विद्यालय के हरियाली की भी सराहना की और इन्हें नियमित रूप से संरक्षित रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर अनुपस्थित बच्चों की जानकारी प्राप्त की तथा शिक्षकों को बच्चों की उपस्थिति में सुधार लाने के सुझाव दिए।

आईसीटी कम्प्यूटर लैब का किया निरीक्षण
उन्होंने विद्यालय में स्थापित आईसीटी कम्प्यूटर लैब का निरीक्षण किया और देखा कि बच्चे कम्प्यूटर का उपयोग किस प्रकार कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी बच्चों को कम्प्यूटर संचालन, बेसिक डिजिटल स्किल, तथा इंटरनेट साक्षरता की जानकारी देने के निर्देश दिए साथ ही ड्राइंग, पेंटिंग, लेटर टाइपिंग जैसी गतिविधियों को बच्चों के लिए अत्यंत लाभप्रद बताते हुए कहा कि इनसे बच्चों की रचनात्मक और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आएं मरीजों एवं परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य केंद्र में आएं ग्रामीणों ने बताया कि यहॉ 31 महिलाएँ सोनोग्राफी कराने पहुची हुई थी। जिसमें से हाई-रिस्क के 8 महिलाएं थी। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सीएमएचओ को आवश्यक निर्देश दिए।

एसडीएम सहित कई अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान राजिम एसडीएम विशाल महाराणा, डीएमसी शिवेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर के इस आकस्मिक दौरे को लेकर सभी विभागो के अधिकारी-कर्मचारी सतर्क नजर आए है। स्थानीय नागरिको का कहना है कि राजिम अनुविभाग में कलेक्टर के दौरा होते रहना चाहिए जिससे प्रशासनिक कसावट आती है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










