श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। महानदी तट स्थित लक्ष्मण झूला क्षेत्र के पास बुधवार को विधायक रोहित साहू ने फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह सड़क नए मेला मैदान चौबेबांधा से लेकर लक्ष्मण झूला तक निर्मित की जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 34 करोड़ रुपये है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति मिलने पर विधायक श्री साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक श्री साहू ने कहा कि यह योजना राजिम क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरेक गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए सीएम विष्णुदेव साय संकल्पित है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि फोरलेन सड़क बनने से विशेष रूप से राजिम मेला एवं अन्य अवसरों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
टू-लेन सड़क निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
अन्य विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि राजिम से चौबेबांधा तक टू-लेन सड़क निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा राजिम में बैराज निर्माण की घोषणा की गई है, इसके पूर्ण होने पर राजिम का स्वरूप और अधिक आकर्षक होगा तथा यह स्थल प्रयागराज की तर्ज पर विकसित होता नजर आएगा। नौका विहार को आकर्षक बनाने हेतु लाइटिंग व्यवस्था के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है। विधायक श्री साहू ने बताया कि राजिम-छुरा एवं राजिम-महासमुंद मार्ग का भूमिपूजन आगामी माह किया जाएगा, जिसके लिए बजट में प्रावधान हो चुका है। इसके अलावा "नदी जोड़ो अभियान" के अंतर्गत लगभग 3047 करोड़ रुपये की बड़ी योजना भी स्वीकृति की प्रक्रिया में है, जिसके तहत नदी के अतिरिक्त जल को सूखाग्रस्त क्षेत्रों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दी गई स्वीकृति
कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र की जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता ने उन्हें सेवा और विकास के लिए चुना है। वे क्षेत्र की उन्नति एवं प्रगति के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। विधायक श्री साहू ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को स्वीकृति मिली है, जो सौभाग्य की बात है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से राजिम क्षेत्र में विकास कार्यों ने गति पकड़ी है और अल्प अवधि में ही वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं।
नगर के लिए यह गौरव का क्षण- महेश यादव
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि यह नगर के लिए गौरव का क्षण है। विधानसभा में कदम रखते ही विधायक रोहित साहू ने राजिम क्षेत्र के समुचित विकास में लग गए है। उनके सक्रिय प्रयासों से ही इस परियोजना को स्वीकृति मिली है और नगर विकास को नई दिशा मिल रही है।
सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने विधायक के कार्यों को सराहा
जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने अपने उदबोधन के दौरान बहुत साफ-साफ कहा कि मुझे शादी होकर आए 10 साल हो गए इस अवधि में कई विधायक आए कई गए पर भगीरथ प्रयास करने वाला यह पहला विधायक है रोहित साहू। वर्षों पुरानी मांगे अब पूरी हो रही है। क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। मै गरियाबंद जिले की ओर से विधायक श्री साहू का अभिनंदन करती हूं। ऐसा विधायक मैने पहले कभी नही देखा। विधायक रोहित साहू समूचे राजिम विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए नेक काम कर रहे है और ये विकास पुरूष हैं। जो जमीनी स्तर पर सक्रिय नेतृत्व का परिणाम है।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी-नेहरू साहू, नंदिनी ओंकार साहू, जिला पंचायत सदस्य नंदिनी-कोमल ढीढी, लेखराम ध्रुवा, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, सभापति भारत यादव, आकाश राजपूत, मंशा कुर्रे, कुलेश्वर साहू, तुषार कदम, जानकी पटेल, नरोत्तम ठाकुर, पदमिनी निषाद, बलराम यादव, सुरेश पटेल, टंकु सोनकर, अजय पटेल, सुमित्रा निराला, रेखा-कुलेश्वर साहू, दुलीचंद आंडे, ऋषि दुबे व गणमान्य नागरिक, स्थानीय पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। संचालन पटेल समाज के जिलाध्यक्ष सोमनाथ पटेल ने किया।