रायपुर। प्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इस पहल के तहत बड़ी संख्या में नई एम्बुलेंस सेवाएँ शुरू की जा रही हैं, जिससे राज्य के दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक तत्काल सहायता पहुंचाना और आसान होगा।
आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी नई ताकत
सरकार 375 नई इमरजेंसी एम्बुलेंस को सेवा में शामिल कर रही है। इसके अलावा 05 नवीन नियो-नेटल एम्बुलेंस भी शुरू की जा रही हैं, जो विशेष रूप से गंभीर स्थिति वाले नवजात शिशुओं के सुरक्षित और त्वरित उपचार हेतु डिज़ाइन की गई हैं। यह कदम प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।

दूरस्थ इलाकों में तेज और गुणवत्तापूर्ण सेवा
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि एम्बुलेंस बेड़े में नए वाहनों के शामिल होने से प्रदेश के सुदूर इलाकों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना और भी आसान होगा। नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से लैस ये एम्बुलेंस मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
नया रायपुर में होगा भव्य शुभारंभ
नई सेवाओं का शुभारंभ आज रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और अध्यक्ष सीजीएमसी की मौजूदगी तय है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।









