उमेश सिंह - धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई कर रही है। शहर और आसपास के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित चेकिंग प्वाइंट लगाकर सघन जांच की जा रही है।
ब्रेथ एनालाइजर से जांच, वाहन जब्ती और कोर्ट पेशी
यातायात शाखा की टीम ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच करती है। नशे की पुष्टि होने पर वाहनों को मौके पर ही जप्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। दोषियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर नियमानुसार दंडित कराया जा रहा है।

155 मामले दर्ज, 15.94 लाख रुपये वसूले
1 जनवरी 2026 से 29 मार्च 2026 तक कुल 155 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें-
मोटरसाइकिल: 98
ई-रिक्शा/ऑटो: 9
कार: 12
पिकअप: 18
मेटाडोर: 4
ट्रैक्टर: 7
ट्रक/हाइवा: 7
इस अवधि में कुल 15,94,700 रुपये समन शुल्क वसूला गया है।
नाबालिग व बिना लाइसेंस पर भी कार्रवाई
पुलिस शाम और रात के समय स्थान बदल-बदलकर चेकिंग अभियान चला रही है ताकि लोग बच न सकें। इसके साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना लाइसेंस ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कठोर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील- नशे में वाहन न चलाएं
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए नशे में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियम तोड़ने वालों पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










