Logo
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, पांच साल कांग्रेस सरकार के दौरान सहयोग नहीं मिलने की बात कही। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने उन्हें खुली बहस की चुनौती दी है। 

रायपुर। नक्सलवाद के खात्मे पर छत्तीसगढ़ में जमकर सियासत हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में कहा कि, पांच साल कांग्रेस सरकार के दौरान सहयोग नहीं मिलने की बात कही। जिस पर वीडियो जारी कर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को नक्सलवाद के मुद्दे पर बहस की चुनौती दी है। वहीं सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, भूपेश बघेल ने जो कहा है वह असत्य है। अपनी कमजोरी को छुपाने के लिए उन्होंने ऐसा कहा है। 

अमित शाह ने कही थी यह बात 
दरअसल, नक्सलवाद पर जवाब देते हुए जब श्री शाह ने छत्तीसगढ़ में पांच साल कांग्रेस सरकार के दौरान सहयोग नहीं मिलने की बात कही। तब विपक्षी सांसदों ने टोका, इस पर आक्रामक तेवर दिखाते हुए उन्होंने कहा कि, मुझे किसी व्यक्ति को सामने नहीं करना है। वरना भूपेश बघेल को पूछो प्रूफ दूं क्या यहां पर। हां बोलें तो बोलो, वरना फंस जाओगे।

2023 में छत्तीसगढ़ में सरकार बदली और दूसरे ही महीने वहां मैं गया था। बीजेपी की सरकार ने पूरे सहयोग का आश्वासन दिया, तब 24 अगस्त 2024 को हमने यह ऐलान किया कि, 31 मार्च 2026 को हम नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त कर देंगे. अमित शाह ने 2014 के बाद उठाए गए कदम गिनाए और कहा कि कम्युनिकेशन की सारी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर दी गई।

शाह समय और जगह तय कर लें, मैं बहस के लिए तैयार- भूपेश 
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि, समय और जगह तय कर लें, मैं बहस के लिए तैयार हूं। लोकसभा में अमित शाह ने झूठ बोला। कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार की पूरी मदद की। उन्हें देश और प्रदेश को गुमराह नहीं करना चाहिए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। बस्तर के आदिवासियों को आर्थिक रूप से मजबूत हमने किया। अमित शाह बताएं कि, बस्तर के प्रत्येक गांव को एक करोड़ रूपया कब देंगे। 

सीएम साय ने पीएम मोदी और गृह मंत्री को किया धन्यवाद ज्ञापित 
वहीं नक्सलवाद को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा है कि आज 31 मार्च का ये दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन है। हमारे जवानों के साहस से छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त हुआ है। इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।

नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ा बाधक था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2024 में नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया था और उनका संकल्प पूरा हुआ है। अब बस्तर क्षेत्र बहुत तेजी से विकास करेगा। 

भूपेश बघेल ने असत्य कहा, अपनी कमजोरी छुपा रहे 
नक्सलवाद और कांग्रेस के आरोपों पर सीएम साय ने कहा कि भूपेश बघेल ने जो कहा है वह असत्य है। अपनी कमजोरी को छुपाने के लिए उन्होंने ऐसा कहा है। दिसंबर 2023 में सरकार आने के बाद अगले ही महीने नक्सल प्रभावित प्रदेश की समीक्षा हुई और उसमें पता चला कि 75 फीसदी नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में है।

अपने 5 साल के कार्यकाल में तत्कालीन छत्तीसगढ़ सरकार माओवाद के साथ लड़ने में दृढ़ता प्रकट की होती, ठीक नियत से लड़ी होती तो ऐसा नहीं होता, लेकिन प्रदेश शासन का सहयोग केंद्र सरकार को नहीं मिला और आज अगर भूपेश बघेल इस तरह से बोलते हैं तो वो सरासर झूठ बोल रहे हैं, असत्य बोल रहे हैं। 

राहुल गांधी ने नक्सलियों के साथ किया मंच साझा 
सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, राहुल गांधी ने जो देश जोड़ो यात्रा निकाली थी उस दरमियान उन्होंने अनेकों जगह जो नक्सली थे उनके साथ उनकी मुलाकात हुई। कई जगह नक्सलियों ने उनके साथ मंच साझा किया। जब हिडमा जैसा दुर्दांत नक्सली न्यूट्रिलाइज़ हुआ।

जिसने सैंकड़ों लोगों को जिसमें हमारे जवान भी थे उनको मारा और जब वो स्वयं न्यूट्रिलाइज़ हुआ तो इंडिया गेट के पास कितने हिडमा मारोगे, घर-घर में हिडमा पैदा होंगे। ऐसा लोगों के द्वारा नारा लगाया गया और उसको राहुल गांधी ने ट्वीट किया तो ये क्या प्रमाणित करता है। देश जानता है कि इसके पीछे राहुल गांधी का क्या आशय है। 

7