रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशामुक्ति केंद्र की आड़ में प्रताड़ना सेंटर चलाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा में 'साहस नशा मुक्ति केंद्र' का एक एैसा वीडियो हमें मिला है, जिसमें केंद्र संचालक का बेटा एक आदिवासी युवक को वहशियाने अंदाज में पाइप से पीटता दिख रहा है। आदिवासी युवक की पीठ से उसने मार-मार कर चमड़ी उधेड़ डाली है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नशे की लत छुड़ाने के लिए परिजनों ने युवक को 'साहस नशा मुक्ति केंद्र' में भर्ती कराया था। वहां पता नहीं किस बात को लेकर केंद्र संचालिका का बेटा उक्त युवक से नाराज हो गया। संचालिका के बेटे ने सजा के रूप में युवक के शरीर से चमड़ी उधेड़ डाली। पीठ पर जख्मों के गहरे निशान साफ देखे जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि, 'साहस नशा मुक्ति केंद्र' में मिली प्रताड़ना से युवक की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। यह भी पता चला है कि, उसका इलाज विशाखापट्टनम के एक अस्पताल में चल रहा है।
सितंबर-अक्टूबर 2025 से ही शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
मिली जानकारी के मुताबिक, नशामुक्ति केंद्र में जिस युवक की पिटाई हुई वह ओडिशा के उमरकोट का निवासी है। उसका नाम अंकुर मांझी बताया गया है। युवक के माता-पिता ने ही नशे की लत छुड़ाने के लिए सितंबर 2025 में मोवा के 'साहस नशामुक्ति केंद्र' में भर्ती करवाया। यहां भर्ती होने के कुछ दिनों बाद ही उसके साथ जमकर मारपीट हुई।
बेटा घर लौटा तो परिजन चौंक उठे
अभी हाल ही में फरवरी में जब बेटा घर पहुंचा तो उसकी हालत देखकर परिजन सकते में आ गए। अंकुर माझी की पीठ और गर्दन की चमड़ी छिली हुई थी। उनका बेटा बुरी तरह डरा-सहमा था। डॉक्टरों को दिखाने पर बताया गया कि, लगातार मारपीट और प्रताड़ना के चलते मानसिक तौर पर बीमार बताया। अभी भी अंकुर का विशाखापट्टनम में इलाज चल रहा है।
परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज
पीड़ित अंकुर के परिजनों ने आरोप लगाया है कि, जब उनका बेटा केंद्र में भर्ती था, तब उन्हें मिलने भी नहीं दिया जाता था। वो मिलने जाते थे जातिसूचक गालियां दी जाती थी। अब परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केंद्र संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अब संचालिका से नशा मुक्ति केंद्र संचालित करने के वैध दस्तावेज भी मांगे हैं।
पुलिस के मुताबिक पिटाई करने वाला खुद नशेड़ी, चल रहा इलाज
इस मामले में मीडिया को पुलिस ने बताया कि, पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मारपीट करने वाला अनिकेश शर्मा खुद नशेड़ी है। वर्तमान में टाटीबंध स्थित नशामुक्ति केंद्र में उसका इलाज चल रहा है। टाटीबंध स्थित नशामुक्ति केंद्र से उसकी रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।