haribhoomi hindi news
रायपुर और धमतरी में देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। तेज रफ्तार और अज्ञात वाहन बने हादसे की वजह, पुलिस जांच जारी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। राजधानी रायपुर और धमतरी जिले में देर रात हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

रायपुर में सड़क पार कर रहे युवक को ट्रक ने कुचला
रायपुर के रिंगरोड स्थित उद्योग भवन के पास देर रात एक भीषण हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, काशीराम नगर निवासी 34 वर्षीय सत्यदीप कुमार सेन खाना लेकर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरा मामला राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

1धमतरी में अज्ञात वाहन की ठोकर से साइकिल सवार की मौत
वहीं धमतरी जिले में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। आमदी के पहले बाजार चौक के पास देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद वाहन का पहिया पीड़ित के ऊपर से गुजर गया, जिससे कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान ने मौके पर धमतरी पहुंचकर शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील कर रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7