रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, सेंट्रल जेल से कोर्ट पेशी के लिए लाए गए दो विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहरभर में नाकाबंदी कर तलाश तेज कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरार हुए कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल में बंद थे। गुरुवार को उन्हें नियमित पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। बताया जा रहा है कि पेशी से पहले ही, जब वे कोर्ट मुहर्रिर की अभिरक्षा में थे, तभी मौका पाकर दोनों फरार हो गए। आपको बता दें कि, दोनों कैदी रिश्ते में बाप-बेटे है। 
कैदियों के न मिलने से मची अफरा-तफरी
कोर्ट परिसर में कैदियों के अचानक गायब होने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। तत्काल आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों और जेल प्रबंधन को सूचना दी गई।
पुलिस की कार्रवाई तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने दोनों फरार कैदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। वहीं कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों के फरार होने की दिशा और संभावित ठिकानों की तलाश पुलिस टीम कर रही है। गौरतलब है कि, राजधानी का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी कई आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुके है। चिंता का विषय यह है कि, इन फरार कैदियों की तलाश अधिकारी कभी पता लगा ही नहीं पाए हैं।








