जनता सीधे चुनेगी मेयर : नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत चुनाव भी एक साथ संभव

Chief Minister Vishnudev Sai
X
Chief Minister Vishnudev Sai
प्रदेश में एक बार फिर से नगर निगमों के महापौर, नगरपालिकाओं के अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। जनता को अपनी ही पसंद का महापौर और अध्यक्ष चुनने का मौका मिलेगा।

रायपुर। दरअसल, कुशभाऊ ठाकरे परिसर में रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिहार के मंत्री नितिन नवीन, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की उपस्थिति में हुई विधायक दल, सांसदों और भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में सभी ने प्रत्यक्ष चुनाव पर सहमति जताई है। नगरीय निकाय चुनावों के साथ ही प्रदेश की ग्राम पंचायतों के चुनाव भी एकसाथ कराने पर प्रारंभिक सहमति भी बनी है। प्रदेश के चुनाव प्रभारी नितिन नवीन ने रविवार को ठाकरे परिसर में विधायक दल की बैठक ली।

इसमें मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्री और विधायक पहुंचे। बैठक में सबसे पहले तो लोकसभा चुनाव में 11 में 10 सीटें जीतने पर सभी को बधाई दी गई। इसी के साथ विधानसभा चुनाव में 54 सीटों पर जीत के लिए प्रसन्नता जताई गई। इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मंथन किया गया। एक-एक विधायक से उनकी मंशा पूछी गई कि वे महापौर और अध्यक्ष के चुनाव को लेकर क्या सोचते है। ज्यादातर विधायकों ने प्रत्यक्ष चुनाव को लेकर सहमति जताई। इसके बाद फैसला किया गया कि इस बार महापौर और अध्यक्ष के चुनाव प्रत्यक्ष कराने की दिशा में प्रदेश सरकार काम करेगी। विधायक दल की बैठक में जहां पर चुनाव में भाजपा को हार मिली है, वहां पर अभी से फोकस करने के लिए भी कहा गया।

कोर ग्रुप और सांसदों की भी ली राय

विधायकों के बाद हुई सांसदों की बैठक में भी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर उनसे सुझाव लेते हुए पूछा गया कि वे क्या सोचते हैं। सांसदों ने भी एकमत होकर कहा, महापौर और अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष होना चाहिए। इसी के साथ नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतों के चुनाव भी एकसाथ कराने पर सभी ने सहमति जताई है। सांसदों से लोकसभा चुनाव का फीडबैक भी लिया गया। इसी के साथ कोर ग्रुप में भी नगरीय निकाय चुनाव पर आम सहमति प्रत्यक्ष चुनाव पर बनी है। बैठकों में प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा, सांसद-मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, टंकराम वर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल, सभी विधायक, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केंद्रीय मंत्री और बिलासपुर के सांसद तोखन साहू, सभी सांसद और कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित थे।

सभी चुनाव एक साथ

बैठक में इस बात को लेकर भी चर्चा की गई कि नगरीय निकाय चुनाव के साथ ही ग्राम पंचायतों के चुनाव भी एक साथ कराए जाएं। इसको लेकर भी सभी ने सहमति जताई है। अब प्रदेश सरकार अपने स्तर पर देखेगी कि क्या करना है। प्रदेश में जहां 14 नगर निगम हैं, वहीं 48 नगरपालिका, 122 नगर पंचायतें 33 जिला पंचायते और 11664 ग्राम पंचायतें हैं। यहां एकसाथ चुनाव होंगे। इसी के साथ परिसीमन भी होना है।

भाजपा का सेवा पखवाड़ा 23 से कार्यक्रम तय

भाजपा प्रदेश संगठन ने 21 जून को योग दिवस के बाद 23 जून से 6 जुलाई तक सेवा पखवाड़ा मनाने कार्यक्रम तय किए हैं। भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने कोर कमेटी, भाजपा विधायक दल एवं सांसद दल की आवश्यक बैठक ली। इसमें सेवा पखवाड़े को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पत्रकारों से चर्चा में बताया, भारतीय जनता पार्टी की अलग- अलग श्रेणियों की आवश्यक बैठक भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन के नेतृत्व में हुई। प्रथम बैठक कोर कमेटी, क्लस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी एवं लोकसभा संयोजक और सहसंयोजकों की हुई। दूसरी बैठक भाजपा विधायक दल की हुई, जिसमें आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रदेश प्रभारी का मार्गदर्शन सबको प्राप्त हुआ।

21 जून को योग दिवस

श्री देव ने बताया, 23 जून से लेकर 6 जुलाई तक भाजपा के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में सबकी सहभागिता सुनिश्चित होगी और संगठन की दृष्टि से भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के लिए सभी को जिम्मेदारी दी जाएगी। 21 जून को योग दिवस कार्यक्रम संगठन स्तर पर और साथ ही साथ सरकार के स्तर पर भी करने की योजना बनाई गई है। योग दिवस कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रशासनिक स्तर पर मनाया जाएगा। योग दिवस के कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी मंडल जिला एवं प्रदेश स्तर पर मनाएगी। इसके लिए कार्ययोजना सुनिश्चित हो गई है और लोगों को जिम्मेदारी भी दी गई है। श्री देव ने कहा, यह बहुत ही ऐतिहासिक क्षण है, लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने 10 में विजयश्री प्राप्त की है और छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर फिर से भरोसा किया है।

ये हुए शामिल

भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है। एक निश्चित कार्ययोजना बनाकर बूथ, मंडल, जिले समेत सभी कार्यकर्ताओं ने समन्वय बनाकर कार्य किया है। बैठकों में सांसद महेश कश्यप, भोजराज नाग, संतोष पांडेय, रूपकुमारी चौधरी, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, चिंतामणि महाराज, प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, दयालदास बघेल, क्लस्टर प्रभारी एवं विधायक अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, प्रदेश महामंत्री भरतलाल वर्मा, जगदीश रामू रोहरा, रामजी भारती सहित सभी विधायक एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story