haribhoomi hindi news
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरुद एवं भखारा में 'स्नेह मिलन एवं पुरस्कार वितरण' समारोह में विधायक अजय चंद्राकर ने कॉलेज छात्र- छात्राओं को संबोधित किया।

यशवंत गंजीर- कुरुद। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरुद एवं भखारा में 'स्नेह मिलन एवं पुरस्कार वितरण' समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक अजय चंद्राकर ने कॉलेज छात्र- छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, नई पीढ़ी को केवल कागजी डिग्री नहीं, बल्कि वैश्विक हुनर की जरूरत है। हमारी जिम्मेदारी केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए एक ऐसा वातावरण तैयार करना है। जहाँ वे अपनी योग्यता साबित कर सकें। लेकिन यह तभी संभव है जब राजनीति में 'अशिक्षित और असभ्य' सोच के बजाय बौद्धिक और प्रगतिशील नेतृत्व को बढ़ावा मिले।  

समारोह में विधायक चंद्राकर ने क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास पर बेबाक टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान दो बार ऐसा 'डार्क एज' (पिछड़ा काल) आया, जिसमें स्वयंभू नेताओं ने विकास की एक ईंट तक नहीं लगाई। उन्होंने रेखांकित किया कि आजादी के बाद पहली बार कुरुद विधानसभा में एग्रीकल्चर, बीएड, नर्सिंग, विधि (LLB), पॉलिटेक्निक, बीपीएड और लाइवलीहुड जैसे सात विभिन्न संकायों के महाविद्यालय एक साथ संचालित होने जा रहे हैं। ये सभी संस्थान 'जॉब ओरिएंटेड' हैं, जो युवाओं के लिए भविष्य के द्वार खोलेंगे। उन्होंने इसे नेतृत्वकर्ता की ईमानदारी और दायित्व निर्वहन का परिणाम बताया। 

MLA Ajay Chandrakar distributing the awards
पुरस्कार वितरित करते हुए विधायक अजय चंद्राकर  

अशिक्षित और गैर संस्कारी लोगो के लिये समाज में कोई स्थान नही
अजय चंद्राकर ने सड़क, बिजली, पानी ,स्वास्थ्य के साथ आम जनता के लिए जुटाई जा रही सरकारी सुविधाओं व शैक्षणिक विस्तार का ब्लूप्रिंट साझा करते हुए बताया कि प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात (GER) जैसा भी हो, लेकिन कुरुद का लक्ष्य 50 प्रतिशत से ऊपर होना चाहिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस महान उद्देश्य की प्राप्ति के लिए जरूरी है कि त्रिस्तरीय पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक केवल पढ़े-लिखे और संस्कारित लोग ही चुनकर आएं। यह क्षेत्र उन, अशिक्षित, नशेड़ी, अशिष्ट और असंस्कारी लोगों का बिलकुल नहीं हो सकता जो केवल जनता को बरगलाने और अभद्रता करने के लिए राजनीति का चोला पहनते हैं।

भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहे 'जेन-जी'
विधायक चंद्राकर ने कहा कि कुरुद को 'विशिष्ट एजुकेशन हब' के रूप में विकसित करने के लिए व्यावसायिक और तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 'जेन-जी' (आज की युवा पीढ़ी) को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों में पारंगत होना चाहिए, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने युवाओं को 'नशा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर एक 'संस्कारित समाज' के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। 

Students who came to the love meeting and prize distribution ceremony
स्नेह मिलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में आये हुए छात्र- छात्राएं  

वैश्विक चुनौतियों के लिए आउटस्टैंडिंग परफार्मेंस जरूरी
उन्होंने आर्थिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि, भविष्य में सरकार का आकार सिकुड़ेगा और निजी क्षेत्रों का विस्तार होगा। इसके लिए वैश्विक स्तर पर दक्ष मानव संसाधन की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, मुकाबले की दुनिया में केवल औसत होना पर्याप्त नहीं, बल्कि 'आउटस्टैंडिंग परफार्मेंस' और उद्यमिता ही आपको सफल बनाएगी। कुरुद में जुटाई जा रही ये तमाम सुविधाएं क्षेत्र की मानसिकता में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने का एक प्रयास हैं।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित 
समारोह में  वर्ष भर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि  पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कुरुद गीतेश्वरी साहू, जिपं उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जिपं सभापति पूजा सिन्हा, नपं. अध्यक्ष ज्योति जैन, जपं सभापति द्वय आनंद यदु, सिंधु बैस, जनभागीदारी अध्यक्ष द्वय टिकेश साहू, झम्मन साहू, कृष्णकान्त साहू, हरख जैन, भोजराज चंद्राकर, भूपेंद्र चंद्राकर, विष्णु साहू, सूरज देवांगन, महेश केला, रवि सिन्हा, छत्रपाल बैस, रामस्वरूप साहू के अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधगण, कॉलेज के प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

7