प्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में दो साल में 1.30 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 

रायपुर। प्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में दो साल में 1.30 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। दो साल के लक्ष्य से कहीं ज्यादा आवेदन तो जरूर आ गए हैं लेकिन सोलर पैनल लगाने की रफ्तार धीमी होने के कारण एक साल के लक्ष्य जितने भी सोलर पैनल नहीं लग सके हैं। एक साल में 65 हजार सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है, लेकिन मार्च समाप्त होने को है और अब तक 40 हजार सोलर पैनल ही लग सके हैं। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना के लिए अलग-अलग राज्यों का अलग-अलग लक्ष्य तय है। अपने प्रदेश के लिए दो साल में 1.30 लाख सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रारंभ में योजना में आवेदन करने की रफ्तार के साथ सोलर पैनल लगाने की रफ्तार भी धीमी रही है। इसके बाद इस मामले में प्रदेश सरकार ने गंभीरता दिखाई और योजना बनाकर काम प्रारंभ किया गया। योजना में उपभोक्ताओं की रुचि लाने के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार की तरफ से भी सब्सिडी देने का काम प्रारंभ किया है। जहां तीन किलोवाट पर केंद्र सरकार की 78 हजार की सब्सिडी मिल रही है। वहीं राज्य सरकार भी 30 हजार की सब्सिडी दे रही है। एक और दो किलोवाट पर केंद्र के साथ राज्य सरकार की सब्सिडी मिल रही है। राज्य सरकार की सब्सिडी के ऐलान के बाद योजना में आवेदनों की रफ्तार में बहुत तेजी आई है। केंद्र सरकार के पोर्टल के मुताबिक अब तक छत्तीसगढ़ में 168531 आवेदन आ चुके हैं। यानी ये आवेदन लक्ष्य से करीब 40 हजार ज्यादा है। ऐसे में संभावना यह जताई जा रही है कि दो साल में लक्ष्य से ज्यादा सोलर पैनल लग जाएंगे।

40 हजार सोलर पैनल ही लगे
प्रदेश में सोलर पैनल लगाने के लिए पांच सौ से ज्यादा वेंडर तय हैं, इसके बाद भी लक्ष्य के हिसाब से सोलर पैनल लगाने की रफ्तार बहुत धीमी है। लेकिन योजना के प्रारंभ होने के कुछ माह बाद से तुलना की जाए तो उसके मुकाबले रफ्तार बढ़ी है। पहले तो बीते साल जून तक महज साढ़े तीन हजार सोलर पैनल ही लगे थे और 42 हजार आवेदन आए थे। इसके बाद जब बीते साल प्रदेश सरकार ने भी सब्सिडी का ऐलान किया तो इसके बाद से इसकी रफ्तार में इजाफा हुआ है। बीते छह माह में जहां एक लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं, वहीं 35 हजार से ज्यादा सोलर पैनल लगे हैं। आज की स्थिति में जहां 40783 आवेदनों पर सोलर पैनल लगे हैं, वहीं इन आवेदनों से 42243 घर  रोशन हुए हैं ।