आकाश पवार- पेंड्रा। छत्तीगसढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मारवाही जिले के ग्राम पिपरिया में भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद राहगीरों की मदद से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा उस समय हुआ जब गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिपरिया गांव निवासी भरत सिंह, छोटेलाल और सुखराम एक ही बाइक पर सवार होकर गांव के पास स्थित नदी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़खुरी गांव की ओर से आ रहे नागर (कृषि यंत्र) लगे ट्रैक्टर (क्रमांक CG-31-B-3803)ने लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा में आकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, तीनों युवक ट्रैक्टर के पहियों और नागर की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया
स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान भरत सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल छोटेलाल और सुखराम की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को मौके पर पकड़ा
घटना के बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गौरेला पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पिपरिया गांव में शोक का माहौल है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)