प्रदेश के दो विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति कर दी गई है।  राजभवन से इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिया गया है।

रायपुर। प्रदेश के दो विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति कर दी गई है।  राजभवन से इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिया गया है। इसके मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी विवि बिलासपुर के कुलपति प्रो. ललित कुमार पटेरिया होंगे। वे इसके पूर्व रायगढ़ विवि में कुलपति पद पर नियुक्त थे। उनके स्थान पर रायगढ़ विवि की कमान प्रो. चौहान को दी गई है। 

बिजनेस स्कूल ऑफ जम्मू एंड कश्मीर यूनिवर्सिटी के प्रो. विनय चौहान रायगढ़ विवि के नए कुलपति होंगे। गौरतलब है, प्रो. ललित पटेरिया रायगढ़ के पहले कुलपति थे। कांग्रेस शासनकाल में खोले गए इस विवि में उनकी प्रत्यक्ष नियुक्ति हुई थी। नियमतः नवीन खोले गए विश्वविद्यालयों में प्रथम कुलपति के लिए आवेदन नहीं मंगाए जाते हैं।

बिलासपुर से अधिक आवेदन रायगढ़ के लिए
रायगढ़ विवि में कुलपति पद के लिए आवेदन पिछले वर्ष मंगाया गया था। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर 20 अगस्त 2025 को विज्ञापन प्रकाशित किया गया। 88 आवेदन रायगढ़ विवि में कुलपति पद के लिए प्राप्त हुए थे। इनमें से प्रदेश के विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्रोफेसर्स सहित कुलपतियों के भी आवेदन प्राप्त हुए थे। दूसरे राज्यों से भी पर्याप्त संख्या में राज्यों से भी पर्याप्त संख्या में आवेदन मिले थे। प्राप्त 88 आवेदनों में से 11 का चयन साक्षात्कार के लिए किया गया। साक्षात्कार में चयनित सभी 11 उम्मीदवारों को विवि के लिए अपने विजन सहित अन्य प्रस्तुतियां देनी थी। रायगढ़ विवि की तुलना में बिलासपुर विवि में कुलपति बनने कम दिलचस्पी देखने को मिली। यहां सिर्फ 52 आवेदन ही प्राप्त हुए थे, जिसके आधार पर समिति ने अंतिम नामों की सूची साक्षात्कार के लिए तैयार की थी।

बीते माह पत्रकारिता विवि को मिला था कुलपति
2025 में छत्तीसगढ़ के 60 फीसदी विश्वविद्यालयों में कुलपति के पद रिक्त थे। इसे लेकर समय-समय पर सवाल भी उठते रहे। 2026 में कुलपति चयन में राजभवन द्वारा तेजी लाई गई है। पिछले माह ही पत्रकारिता विवि को कुलपति मिला था। एक साल के इंतजार के बाद प्रो. मनोज दयाल को कुलपति नियुक्त किया गया था। इसके पूर्व स्वामी विवेकानंद तकनीकी विवि में कुलपति पद पर डॉ. अरुण अरोरा को नियुक्त किया गया। अन्य नियुक्तियां भी बीते 6 माह के दौरान हुई है।