पखांजूर क्षेत्र के ग्राम पी.व्ही. 27 में जमीन विवाद में युवक की हत्या के बाद ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, थाना-तहसील का घेराव। 9 आरोपी गिरफ्तार।

सुमित बड़ाई- पखांजूर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पी.व्ही. 27 में ज़मीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक की हत्या के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज़ सैकड़ों ग्रामीणों ने पखांजूर थाना और तहसील कार्यालय का घेराव कर दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि, हत्या के पीछे ज़मीन विवाद मुख्य कारण है और इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

हत्या के 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पखांजूर के एएसपी राकेश कुर्रे पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस प्रशासन ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश जारी है, वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)