haribhoomi hindi news
भाजपा नेता किशोर देवांगन ने छत्तीसगढ़ के नक्सलमुक्त होने को डबल इंजन सरकार की ऐतिहासिक सफलता बताया।

श्यामकिशोर शर्मा- नवापारा-राजिम। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री किशोर देवांगन ने इसे डबल इंजन सरकार के मजबूत नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया है।

छत्तीसगढ़ राज्य के नक्सलमुक्त होने पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री किशोर देवांगन ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संयुक्त नेतृत्व और मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व गृह मंत्री विजय शर्मा की जोड़ी ने आखिरकार नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के निर्धारित लक्ष्य को नियत तिथि तक प्राप्त कर लिया है। नक्सलवाद छत्तीसगढ़ की पहचान था, जिसके चलते छत्तीसगढ़ की पूरे देश में नकारात्मक छवि निर्मित रहती थी। 

स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं थीं नदारद 
प्रदेश के नक्सलप्रभावित 11 जिलों में लाल आतंक के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं नदारद रहती थीं, जिससे छत्तीसगढ़ तमाम कोशिशों के बावजूद विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को हासिल करने में नाकाम रहता था। लेकिन अब नक्सलवाद के खात्मे के बाद छत्तीसगढ़ दुगुनी रफ्तार से विकास के पथ पर दौड़ते हुए विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ बनेगा। अब विकास और समृद्धि छत्तीसगढ़ की पहचान बनेगा।

6 दशकों तक देश के विभिन्न राज्यों में नक्सलवाद का आतंक
किशोर ने कहा कि, इंदिरा गांधी के समय 1967 में देश में नक्सलवाद ने जन्म लिया, जिसे समाप्त करने की दिशा में इंदिरा गांधी सरकार ने गंभीरता दिखाई होती तो नक्सलवाद देश के नासूर नहीं बनता। अगर सोचा जाय तो नक्सलवाद को आतंकवाद की तरह राजनीतिक लाभ के लिए जानबूझकर फलने-फूलने दिया गया, फिर चाहे कितने ही लोगों की जानें क्यों न चली जाएं। लगभग 6 दशकों तक देश के विभिन्न राज्यों में नक्सलवाद कैंसर की तरह बना रहा। 

मोदी सरकार और साय सरकार की डबल इंजन सरकार ने जड़ से मिटाया
इस दौरान हजारों सुरक्षा बल व पुलिस जवानों के साथ ही आम लोगों की जानें गईं। सार्वजनिक संपत्तियां नष्ट हुईं और सबसे बड़ी बात देश के विकास में बाधक बनी रहीं। इंदिरा गांधी सरकार के समय से देश के लिए कलंक साबित हो रहे नक्सलवादरूपी कैंसर को छत्तीसगढ़ से मोदी सरकार और साय सरकार की डबल इंजन सरकार ने जड़ से मिटाकर साबित कर दिया है कि अगर ठान लिया जाय तो कोई भी काम असंभव नहीं है। 

अब नक्सलवाद को दोबारा पनपने का अवसर नहीं मिलेगा- किशोर
किशोर ने कहा कि, निश्चित तौर पर कहा जा सकता है कि जब तक मोदी सरकार अथवा भाजपा शासित सरकारें देश व प्रदेश में रहेंगी। तब तक नक्सलवाद को दोबारा पनपने का अवसर नहीं मिलेगा क्योंकि मोदी सरकार व भाजपा के लिए सत्ता से ज्यादा, देश व देशवासियों का हित महत्वपूर्ण है। छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के समूल नाश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा बधाई व धन्यवाद के पात्र हैं।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का 'ई-पेपर पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज" App डाउनलोड करें।)

7