haribhoomi hindi news
प्रदेशभर में भाजपा आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने अपने निवास स्थान पर पार्टी का ध्वज फहराकर की।

गोपी कश्यप - नगरी। भारतीय राजनीति के इतिहास में 6 अप्रैल का दिन एक गौरवपूर्ण अध्याय लेकर आता है। यही वह दिन है जब वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी गई थी। इस ऐतिहासिक दिन को स्मरण करते हुए आज नगरी में पार्टी का स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने अपने निवास स्थान पर पार्टी का ध्वज फहराकर की। इसके बाद नगरी भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अन्य संस्थापक नेताओं के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और पार्टी का ध्वजारोहण किया गया।

भाजपा सिर्फ एक दल नहीं, एक संस्कार है – प्रकाश बैस

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बैस ने कहा कि, 'भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार है – वह विचार जिसमें राष्ट्र सर्वोपरि है। समाज सेवा प्राथमिकता है और अंत्योदय हमारा लक्ष्य है।' उन्होंने कहा कि, भाजपा की स्थापना ऐसे समय में हुई थी जब देश विचारों के संघर्ष से गुजर रहा था। उस कालखंड में राष्ट्रवादी सोच को मजबूत आधार देने के लिए एक ऐसी पार्टी की आवश्यकता थी जो न केवल सत्ता की राजनीति करे बल्कि सेवा, संगठन और सिद्धांत की राजनीति करे।

'सबका साथ, सबका विकास’ भाजपा का मूल मंत्र

प्रकाश बैस ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि, भाजपा की रीति-नीति 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' जैसे मूल मंत्रों से संचालित होती है। यह पार्टी उस हर अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित है जो अब तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि, वे अपने बूथ को सशक्त बनाएं। जन-जन तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करने के लिए तन-मन-धन से जुट जाएं।

कार्यकर्ताओं ने लिया संगठन और राष्ट्र सेवा का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र और संगठन की सेवा के लिए अपने आप को समर्पित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

7