Virat kohli injury: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बुधवार को बड़ा मुकाबला खेला जाएगा लेकिन मैच से पहले चर्चा विराट कोहली की फिटनेस को लेकर है। कोहली के पैर में पट्टी बंधी नजर आई थी, उनके खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। अगर वो नहीं खेलते हैं तो इससे आरसीबी की रणनीति प्रभावित हो सकती है।
कोहली को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में खेले गए मैच के दौरान एंकल इंजरी हुई थी। हालांकि अच्छी बात यह है कि वे बेंगलुरु पहुंच चुके हैं और नेट्स में अभ्यास भी किया है। बल्लेबाजी के दौरान उन्हें कोई खास दिक्कत नहीं दिखी लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अभी तक उन्हें पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया।
विराट की चोट ने बढ़ाई आरसीबी की चिंता
आरसीबी के लिए कोहली का खेलना बेहद अहम है, क्योंकि वे फिल सॉल्ट के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दे रहे। अगर वे नहीं खेलते हैं तो टीम संतुलन बिगड़ सकता है। ऐसे में विकल्प के तौर पर वेंकटेश अय्यर को ओपनिंग में आजमाया जा सकता है, जिन्होंने इस सीजन में एक ही मैच खेला है और 15 गेंद में 29 रन बनाए थे।
एलएसजी का प्रदर्शन मिला-जुला रहा
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो RCB ने शानदार शुरुआत की है और अपने पहले चार में से तीन मैच जीतकर मजबूत स्थिति में है। वहीं ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। टीम ने चार में से दो मैच जीते हैं और फिलहाल टेबल के निचले हिस्से में बनी हुई है।
LSG के लिए सबसे बड़ी चुनौती चिन्नास्वामी स्टेडियम का रिकॉर्ड है। टीम यहां अब तक दोनों मुकाबले हार चुकी है। 2023 में वह करीब पहुंची थी, लेकिन जीत नहीं मिली, जबकि 2024 में 28 रन से हार का सामना करना पड़ा। वहीं RCB ने इस मैदान पर इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर दबदबा दिखाया है।
अगर लखनऊ को जीत दर्ज करनी है तो मोहम्मद शमी को नई गेंद से कमाल करना होगा। इस सीजन में उनका इकॉनमी 6.25 है और उन्होंने पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी की है। शुरुआती विकेट लेकर वे मैच का रुख बदल सकते हैं, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से भी सहयोग चाहिए होगा।
हेड टू हेड में आरसीबी भारी
हेड-टू-हेड आंकड़ों में भी आरसीबी का पलड़ा भारी है। पिछले 6 मुकाबलों में से 4 में बेंगलुरु ने जीत दर्ज की है। अब देखना होगा कि कोहली की फिटनेस और LSG की गेंदबाजी इस मुकाबले का नतीजा किस ओर मोड़ती है।










