Logo
election banner
छत्तीसगढ़ में पिछली सरकार के खिलाफ हवा बना देने वाले महादेव सट्टा ऐप के मामले को आज सत्तापक्ष के ही विधायकों ने जोरदार ढंग से विधानसभा में उठाया। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान महादेव सट्टा ऐप घोटाले का मामला लंबे वक्त गूंजता रहा। वरिष्ठ BJP विधायक राजेश मूणत ने पूछा- महादेव सट्टा ऐप के संबंध में किसके द्वारा कब शिकायत की गई। शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई, यदि नहीं की गई तो क्यों। राजेश मूणत ने इस मामले में FIR के संबंध में भी जानकारी मांगी।  

अपनी ही पार्टी के विधायक के सवाल का जवाब देते हुए गृहमंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, जनवरी 2020 से नवंबर 2023 तक प्रदेश में महादेव सट्टा ऐप की 28 शिकायतें मिलीं। इस मामले में कुल 90 अपराध पंजीबद्ध किए गए। इस पर राजेश मूणत ने कहा- यह सरकार के संज्ञान में कब आया? पूर्ववर्ती सरकार ने नौजवानों को गलत काम में लगाने का काम किया। पूरे प्रदेश में युवाओं को ठगने का काम किया। 

90 मामले दर्ज हुए, 54 में चालान पेश

जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, महादेव सट्टा ऐप को लेकर 90 मामले दर्ज किए गए हैं। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में ये मामले दर्ज किए गए हैं। 
महादेव ऐप के संबंध में 54 मामलों में चालान प्रस्तुत किए जा चुके हैं। श्री शर्मा ने बताया कि, दुबई में छत्तीसगढ़ के कुछ लोग हैं जो इसे संचालित कर रहे हैं। सरकार ने लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है। दुबई से उनके प्रत्यर्पण की कार्रवाई चल रही है। श्री शर्मा ने बताया कि, 507 बैंक अकाउंट चिन्हित किए गए हैं,  इसमें 221 फ्रिज किया जा चुके हैं। 216 करोड़ की राशि भी फ्रीज की जा चुकी है। इनमें से 
दुर्ग में 436 बैंक अकाउंट, सूरजपुर में 38 बैंक अकाउंट, जांजगीर में 5 बैंक अकाउंट फ्रीज किए गए हैं। 

गृहमंत्री ने सदन को किया आश्वस्त

श्री शर्मा ने बताया - इस मामले में सरकारी महकमें के लोगों पर भी कार्रवाई की गई है। 
मामले में किसी के भी दबाव में आए बगैर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि, कोई भी जानकारी सामने आएगी तो एक घंटे में फैसला लेंगे। कुछ बाराती चार्टर प्लेन से दुबई गए थे उनके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। हर किसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सट्टा में बड़े और प्रभावशाली लोग संलिप्त- मूणत 

men
राजेश मूणत

इसके बाद राजेश मूणत बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि, महादेव सट्टा ऐप के पीछे प्रभावशाली लोग शामिल हैं। कुछ बड़े अफसर भी इस मामले में संलिप्त हैं। राजेश मूणत ने कहा- FIR हुई, जांच भी हुई लेकिन एक भी बड़ी मछली पकड़ में नहीं आई। तब विजय शर्मा ने कहा- बड़ी मछली ही नहीं मगरमच्छ भी होंगे तो पकड़े जाएंगे। ईडी मामले में जांच कर रही है, जांच अंतिम चरण में है। इसलिए नई एजेंसी की आवश्यकता नहीं है। 

धर्मजीत की गृहमंत्री को सलाह- यूपी जाकर योगी जी चर्चा करिए 

इसी बीच भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने गृहमंत्री विजय शर्मा से कहा- आप हेलीकॉप्टर लेकर उत्तरप्रदेश जाइए। वहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बातचीत कर आइए। 
दो-चार लोगों के घर बुलडोजर भेजिए... तब खौफ पैदा होगा। जब कुछ आरोपियों के घर तोड़े जाएंगे तभी वे डरेंगे। इसके बाद अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक, रिकेश सेन ने भी इस मसले पर सवाल पूछे। 

गृहमंत्री से मूणत ने कहा- पुलिसवालों के बहकावे में मत आइएगा

भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कहा- हमारी सरकार पर प्रदेश की जनता का भरोसा बना रहना चाहिए। महादेव ऐप के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। राजेश मूणत ने पुलिस अफसरों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा- ये सिर्फ कुर्सी के साथ होते हैं। कल तक हम पर फर्जी केस दर्ज करते थे, लाठी-डंडे चलाया करते थे, इनके बहकावे में मत आइएगा। इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भरोसा दिलाते हुए कहा- ईडी से जानकारी लेने की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

jindal steel Ad
5379487