Logo
नशा मुक्त समाज और समृद्ध प्रदेश की संकल्पना को साकार करने की दिशा में नगर पंचायत खरोरा में महिलाओं द्वारा एक प्रभावी मुहिम चलाई जा रही है। 

सूरज सोनी- खरोरा। नशा मुक्त समाज और समृद्ध प्रदेश की संकल्पना को साकार करने की दिशा में नगर पंचायत खरोरा में महिलाओं द्वारा एक प्रभावी मुहिम चलाई जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत खरोरा के प्रत्येक वार्ड में गठित महिला समूहों ने जो सक्रियता दिखाई है, उससे क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर मद्यपान करने वालों में हड़कंप मच गया है। अभियान की सफलता और महिलाओं का साहस को देखते हुए विधायक अनुज शर्मा ने इन कर्मठ महिलाओं के साथ भेंट की और उन्हें सम्मानित किया।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि नशा मुक्त समाज ही समृद्ध प्रदेश की नींव है। खरोरा की महिलाओं ने जिस साहस और सजगता के साथ नशामुक्ति के इस अभियान को अपनाया है, वह अत्यंत सराहनीय है। यह अभियान केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का प्रतीक है| चुनाव के दौरान मैंने क्षेत्र की जनता से अवैध शराब पर पूर्णतः रोक लगाने का वादा किया था। आज महिला समूहों की सजगता से यह वादा हकीकत में बदलता दिख रहा है।किसी भी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए नारी शक्ति का सहयोग अनिवार्य है। कहते हैं कि एक पुरुष सुधरता है तो एक व्यक्ति सुधरता है, लेकिन जब एक महिला जागती है, तो पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ियां संवर जाती हैं। नगर पंचायत खरोरा के प्रत्येक वार्ड में गठित महिला समूहों ने जो अद्भुत भागीदारी दिखाई है, उसे देखकर मेरा सिर गर्व से झुक गया है। आपने यह सिद्ध कर दिया है कि शराब और नशे जैसी सामाजिक बुराइयां अब खरोरा की गलियों में पैर नहीं पसार पाएंगी। 

इस अभियान में मेरा पूर्ण सहयोग रहेगा
उन्होंने आगे कहा कि, मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि आपके इस अभियान में मेरा पूर्ण सहयोग हमेशा रहेगा। आप बस इसी तरह एकजुट रहें। प्रशासन आपकी हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगा। खरोरा को नशा मुक्त बनाना मेरी प्राथमिकता है और इसमें आप सब मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। अंत में बस इतना ही कहूँगा कि यह लड़ाई लंबी है, लेकिन अगर हम मिलकर लड़ेंगे तो जीत हमारी ही होगी। हमारा नारा है 'नशा मुक्त समाज- समृद्ध प्रदेश'। यह नारा तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक प्रदेश की नारी शक्ति इस अभियान की कमान न संभाल ले। खरोरा की गलियों से शुरू हुई यह गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देनी चाहिए। आपने जो डर खत्म किया है, आपने जो अवैध गतिविधियों को बंद कराया है, वह केवल एक पुलिसिया कार्रवाई नहीं है, बल्कि एक सभ्य समाज की नींव है। आइए, आज हम सब मिलकर संकल्प लें कि न हम नशा करेंगे और न ही अपने क्षेत्र में नशे का व्यापार होने देंगे। 

7