haribhoomi hindi news
कवर्धा जिले में सड़क उखाड़ने के आरोप में कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी के खिलाफ तरेंगांव थाना में FIR दर्ज हो गई है। आरोप है कि, उन्होंने प्रशासन की छवि खराब करने की कोशिश की।

संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सड़क उखाड़ने के आरोप में कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी के खिलाफ तरेंगांव थाना में FIR दर्ज हो गई है। आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर निर्माणाधीन सड़क को गैती से उखाड़ा और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर सड़क को घटिया बताते हुए शासन-प्रशासन की छवि खराब करने की कोशिश की।

मिली जानकारी के अनुसार, विभाग के एसडीओ गौरव त्यागी की शिकायत के बाद मामला दर्ज हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। जहां जांच में सड़क की गुणवत्ता सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए केस दर्ज कर लिया। यह सड़क बैगा बाहुल्य इलाके कोयलारी से मूधिया पथरा तक करीब 2.1 किलोमीटर लंबी बनाई जा रही है। जिसकी लागत लगभग ₹1 करोड़ 65 लाख बताई जा रही है। 

राजनीतिक माहौल हुआ गर्म 
परियोजना का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर और सुगम आवागमन सुविधा देना है, लेकिन अब यह निर्माण कार्य राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

7