संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सोशल मीडिया में महिला की फोटो वायरल करने और फर्जी आईडी बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला थाना कुण्डा क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सूरत (गुजरात) से पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना कुण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने एक-दूसरे से मोबाइल नंबर साझा किए और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत होने लगी। इस दौरान आरोपी पीड़िता को धमकाकर इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर करता था और वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीनशॉट लेकर अपने मोबाइल में रखता था।
कुछ समय बाद जब पीड़िता ने वीडियो कॉल करने से मना किया तो आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी और फर्जी इंस्टाग्राम व फेसबुक आईडी बनाकर पीड़िता की तस्वीरें वायरल करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर थाना कुण्डा में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भूपत धनेश्री के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम को आरोपी की तलाश में गुजरात के सूरत भेजा गया।
गुजरात के सूरत से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सूरत से आरोपी अनिल कुमार मौर्य (34 वर्ष), पिता बुद्धीराम मौर्य, निवासी नवागाम नरोत्तम नगर, मकान नंबर 171-बी, सब्जी मार्केट डिडौली, थाना डिडौली, जिला सूरत (गुजरात) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।