अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग पर एक बाइक सवार युवक की सड़क किनारे खड़ी पानी टैंकर से टकराने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि, युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान निर्माण के लिए सड़क किनारे पानी टैंकर खड़ी थी। इसी दौरान तमता से डूमरबहार की ओर जा रहा बाइक सवार युवक तीखे मोड़ के पास अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे टैंकर के अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
आपको बता दें कि, घटना जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पंडरीपानी इलाके की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)