Logo
जशपुर में फर्जी शेयर ट्रेडिंग कंपनी में नौकरी का झांसा देकर दर्जनों महिलाओं से हजारों रुपये हथियाए, आरोपी प्रदीप पंडा फरार, पीड़ितों ने कलेक्टर से लगाई गुहार।

अजय सुर्यवंशी - जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में बेरोजगार महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शख्स ने खुद को कलेक्टर कार्यालय में सुपरिटेंडेंट ऑफ फाइनेंस डिपार्टमेंट बताकर विश्वास जीता और 'शेयर ट्रेडिंग कंपनी' में नौकरी दिलाने के नाम पर हजारों रुपये ऐंठकर फरार हो गया। पीड़ित महिलाएं अब कलेक्टर जनदर्शन में न्याय की गुहार लगा रही हैं।

फर्जी कंपनी का खेल- विज्ञापन से शुरू हुई ठगी
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उन्हें शहर के दरबारी टोली में 'इन्वेस्टिंग इकोनामिक्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम से शुरू हुई कथित शेयर ट्रेडिंग कंपनी में नौकरी का विज्ञापन मिला। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उनकी मुलाकात प्रदीप पंडा से हुई, जिसने खुद को कलेक्टर ऑफिस का अधिकारी बताया।

कलेक्टर ऑफिस का नाम लेकर डाला रोब
शातिर ठग प्रदीप पंडा ने सरकारी अधिकारी बनकर महिलाओं पर प्रभाव जमाया। उसने उन्हें ऑपरेटर और अन्य पदों पर नियुक्ति का झांसा दिया और 10,000 रुपये मासिक वेतन का वादा किया। बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण महिलाएं उसकी बातों में आ गईं।

आईडी बनवाने के नाम पर वसूले 31,000 रुपये
कंपनी ज्वाइन करने से पहले प्रदीप पंडा ने 'ऑफिशियल आईडी और पोस्ट के अनुसार डॉक्यूमेंटेशन' के नाम पर प्रति महिला 31,000 रुपये से अधिक वसूले।
1 दिसंबर से महिलाएं उसका दिया हुआ काम करती रहीं, लेकिन वेतन नहीं मिला।

वेतन मांगने पर ऑफिस में ताला, ठग फरार
जनवरी का आधा महीना बीत जाने के बाद जब महिलाओं ने वेतन मांगा तो 19 जनवरी से कंपनी का ऑफिस बंद मिला। प्रदीप पंडा मोबाइल भी बंद कर चुका था और तब से फरार है।

मकान मालिक को भी लगाया चूना
पीड़ितों ने बताया कि, आरोपी ने अपने मकान मालिक से भी 30,000 रुपये उधार लेकर ठगी की। घटना के बाद वह वहां से भी गायब हो गया।

कलेक्टर से न्याय की मांग
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर रोहित व्यास से ठगी गई राशि और बकाया वेतन वापस दिलाने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

5379487