अजय सुर्यवंशी - जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जमीन बिक्री से मिले पैसों में अपने हिस्से की मांग करना युवक को इतना महंगा पड़ा कि उसके ही माता-पिता और छोटे भाई ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अम्बिकापुर होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जमीन बिक्री के पैसों पर दो साल पुराना विवाद
पुलिस के अनुसार घटनाक्रम की जड़ दो साल पहले जमीन बिक्री से मिले पैसों पर विवाद से जुड़ी है। पीड़ित युवक कौशल यादव ने अपने हिस्से का पैसा मांगा, जिसे लेकर घर में काफी समय से तनाव चल रहा था।
#जशपुर के नारायणपुर में जमीन बिक्री के पैसों के विवाद में पिता, माता और भाई ने बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज जारी, तीन आरोपी गिरफ्तार।@JashpurDist #Narayanpur #landdispute pic.twitter.com/cD4Vc5QUgy
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 17, 2026
परिजनों ने पेट्रोल डालकर आग लगाई
पत्नी की शिकायत में आरोप है कि कौशल यादव के पिता शंकर यादव, माता चंद्रमुनी भगत और छोटे भाई अंकुश यादव ने पहले मारपीट की और फिर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। घटना में कौशल गंभीर रूप से झुलस गया।
गंभीर हालत में अम्बिकापुर रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से कौशल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे अम्बिकापुर होलीक्रॉस अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ASP राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि मामले की जांच में यह संपत्ति विवाद पाया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।











