कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कुकदुर थाना क्षेत्र के पीपरटोला घाट में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार चार नाबालिग लड़के घायल हो गए हैं।
तेज रफ्तार ने ली युवक की जान
हादसे में ट्रैक्टर चालक मनीराम बैगा (उम्र 28 वर्ष), निवासी बिरझूनगर, खाई में गिरते ही ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ट्रैक्टर में सवार थे 4 नाबालिग
दुर्घटना के समय ट्रैक्टर में चालक सहित कुल चार नाबालिग लड़के सवार थे। इनमें तीन को मामूली चोटें आईं, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हुआ है।
#कवर्धा के कुकदुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर गहरी खाई में गिर गई । चालक की मौके पर मौत, चार नाबालिग घायल, एक गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया।@KabirdhamDist #PipartolaGhat #tractoraccident pic.twitter.com/cOkrCY3JLB
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 17, 2026
गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लड़के को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने शव किया कब्जे में
कुकदुर थाना पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु रवाना कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।









