जीवानंद हलधर- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नगरनार स्टील प्लांट के सब इंस्पेक्टर आकाश चौधरी की मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। महाशिवरात्रि पर दोस्तों के साथ घूमने गए SI नदी में डूब गए थे, जिनका शव लगभग 36 घंटे की लगातार सर्चिंग के बाद बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार SI आकाश चौधरी अपने चार दोस्तों के साथ छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर स्थित गुल्मी घूमने गए थे। उसी दौरान गुल्मी नदी में नहाते समय तेज पानी के बहाव में बहने की जानकारी मिली।
जगदलपुर के नगरनार स्टील प्लांट में पदस्थ SI आकाश चौधरी महाशिवरात्रि पर घूमने के दौरान उड़ीसा की गुल्मी नदी में डूब गए। 36 घंटे की खोज के बाद उनका शव बरामद हुआ। @BastarDistrict #Chhattigarh #SDRF #River pic.twitter.com/wUio51FlKJ
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 17, 2026
उड़ीसा की गुल्मी नदी में डूबने की आशंका
नदी में गिरने और डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और खोजी टीमों को अलर्ट किया गया। घटना नगरनार थाना क्षेत्र से संबंधित बताई जा रही है।
NDRF-SDRF और उड़ीसा टीम का 36 घंटे का अभियान
जवान की तलाश के लिए NDRF, SDRF, तथा उड़ीसा राज्य की विशेष टीमों ने मिलकर लगभग 24-36 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। कठिन प्रयासों के बाद मंगलवार सुबह नदी किनारे SI आकाश चौधरी का शव मिला।
उड़ीसा पुलिस को सौंपा शव
बरामद शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए ओडिशा पुलिस को सौंपा गया। आकाश चौधरी मूल रूप से हरियाणा का निवासी था और नगरनार स्टील प्लांट में सब इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थ था।
नगरनार और पुलिस विभाग में शोक
घटना के बाद नगरनार स्टील प्लांट के साथ-साथ स्थानीय पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है। अधिकारी और सहकर्मी जवान की असमय मौत से व्यथित हैं।








