जांजगीर-चांपा। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिले के विकास और समस्याओं पर केंद्रित हरिभूमि आईएनएच के संवाद- 2026 के आयोजन में सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अंचल से जुड़े हर मुद्दे पर संवाद किया। कार्यक्रम में राज्य के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस सरकार पर जनहित के कामों को रोकने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले दो सालों में भाजपा की सरकार लगातार जनहित के कामों को आगे बढ़ा रही है। प्रधान संपादक डॉ हिमांशु द्विवेदी से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है और अब छत्तीसगढ़ पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। जल्द ही छत्तीसगढ़ की पहचान पर्यटन राज्य के रूप में स्थापित हो जाएगी।

डॉ. द्विवेदी : धर्मगुरु, राजनीतिक गुरु और संत के बीच में सामंजस्य किस प्रकार बिठाते हैं ?
गुरु खुशवंत साहेबः धर्म नीति और राजनीति दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और दोनों को एक ही माना जा सकता है। दोनों का उद्देश्य जनता के लिए जनता के हित में काम करना होता है।
इसलिए ही 18 फरवरी से पदयात्रा निकाली जा रही है जिससे इन उद्देश्यों की पूर्ति का मार्ग और प्रशस्त हो सके। यह माना जाना चाहिए कि संसार में सिर्फ दो ही जाति हैं स्त्री और पुरुष की। इसके अलावा कोई और जाति नहीं है। बाबा गुरु घासीदास का भी यही संदेश था की मनखे मनखे एक समान होता है।
डॉ. द्विवेदीः शायद सरकार में जब मंत्रिमंडल का गठन हुआ तो आप शामिल नहीं थे, नई लिस्ट में आपका नाम आया। कैसे देखते हैं इसे ?
गुरु खुशवंत साहेबः भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसमें छोटे कार्यकर्ताओं को भी बड़ा पद मिल सकता है। सभी कार्यकर्ता यह मेहनत करते हैं कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा जा सकें।
सभी कार्यकर्ताओं के मन में बस एक ही बात होती है देश प्रथम और राज्य प्रथम। राज्य सरकार ने मुझे मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।

डॉ. द्विवेदी : साय सरकार के 2 साल को किस रूप में देखते हैं ?
गुरु खुशवंत साहेबः भाजपा की सरकार ने 2 साल में जनता के हित में शानदार काम किया है। मोदी की गारंटी पूरी तरह लागू की गई है। प्रत्येक योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम किया गया है। 2021 में जांजगीर में भूपेश सरकार ने मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी उसके बाद एक कदम आगे नहीं बढ़ाया गया।
अब भाजपा की सरकार इस मेडिकल कॉलेज को पूरा करने के साथ डॉक्टर की पूरी व्यवस्था कर रही है। 72 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति सड़क और दूसरे कामों के लिए दी गई है और बजट का आवंटन भी कर दिया गया है। सिंचाई पर खास ध्यान देते हुए स्टॉप डैम बनाए जा रहे हैं। 600 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। प्रदेश स्तर की बात करें तो नक्सलवाद के नाम से छत्तीसगढ़ जाना जाता था जो कि अब अंतिम सांसें गिन रहा है। अब छत्तीसगढ़ को विकसित पर्यटन क्षेत्र के रूप में जाना जाएगा और राज्य सरकार इस तरफ पूरी कोशिश कर रही है।

डॉ द्विवेदीः आपने शिव डहरिया को आरंग विधानसभा क्षेत्र में हराया और जब उन्होंने जांजगीर से लोकसभा लड़ा तब भी आप यहां पहुंच गए?
गुरु खुशवंत साहेबः यह मेरा नहीं पार्टी का फैसला है। भाजपा का हर एक कार्यकर्ता संगठन के तौर पर काम करता है। पार्टी जहां कहेगी हम वहां जाकर मेहनत करेंगे और भाजपा को जिताने की पूरी कोशिश करेंगे। पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य और दायित्व दोनों है।
जांजगीर की जनता ने लोकसभा में भाजपा को चुना है क्योंकि हमारी पार्टी काम करना जानती और चाहती है। शिव डहरिया ने 5 साल आरंग विधानसभा में कोई काम नहीं किया सिर्फ भ्रष्टाचार और गड़बड़ी को बढ़ावा दिया। इसलिए जनता ने भाजपा को चुना है।
डॉ. द्विवेदीः भाजपा सरकार में आपको कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा का दायित्व मिला है, इन विभागों में कितना काम हुआ है?
गुरु खुशवंत साहेब : यह मेरी खुशकिस्मती है कि मैंने जिस फील्ड से शिक्षा प्राप्त की है उसी फील्ड में काम करने का अवसर भाजपा सरकार ने मुझे दिया है। तकनीकी कौशल के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे उनके सामने रोजगार के अवसर खुलेंगे। इसके अलावा भी विभिन्न योजनाओं पर काम जारी है।

डॉ. द्विवेदीः क्या जांजगीर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की पहल आप करेंगे?
गुरु खुशवंत साहेबः बच्चों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बिलासपुर और रायगढ़ में पहले से ही इंजीनियरिंग कॉलेज है जहां क्षेत्र के बच्चे उच्च शिक्षा की पढ़ाई कर रहे हैं। आईआईटी की तर्ज पर सीजी आईटीआई खोले जा रहे हैं। चार स्थानों पर यह खुल चुके हैं तीन और पर काम जारी है। एआई और रोबोटिक की पढ़ाई भी कराई जा रही है। जांजगीर में पहले से ही पॉलिटेक्निक कॉलेज है और साथ आईटीआई भी है।
डॉ द्विवेदीः अनुसूचित जाति विकास विभाग भी आपके पास है, इसमें कितना काम हो रहा है?
गुरु खुशवंत साहेब : इस क्षेत्र में लगातार बेहतर काम किया जा रहा है छात्रवृत्ति पहले जो देर से और परेशानी से मिलती थी उसे पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। पैसा भी ऑनलाइन ही छात्र-छात्राओं के अकाउंट में पहुंच रहा है। अनुसूचित जाति जनजाति प्राधिकरण की बैठक भी जांजगीर में हुई थी इसलिए कहा जा सकता है कि सरकार का ध्यान इस तरफ है।
विभाग का बजट भी 50 करोड़ से बढ़कर 75 करोड़ कर दिया गया है। एससी एसटी के बच्चे जो उच्च शिक्षा की पढ़ाई करना चाहते हैं उन पांच बच्चों को 15-15 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। साथ ही पीएससी और यूपीएससी की तैयारी के लिए अलग से 50 लाख का प्रावधान किया गया है।

डॉ द्विवेदी : जांजगीर में सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है, यहां भाजपा के पक्ष में हवा कैसे बदलेगी?
गुरु खुशवंत साहेबः कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के 5 साल में सिर्फ झूठ और भ्रम फैलाया है। इसलिए जांजगीर में विधानसभा में उन्हें जीत मिल गई। 4 महीने बाद ही लोकसभा चुनाव में लेकिन असलियत सामने आ गई और जनता ने भाजपा को चुन लिया।
कांग्रेस ने यह भ्रम फैलाया कि संविधान खतरे में है। जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस पार्टी खतरे में है। अनुसूचित जाति समाज बीजेपी के साथ जुड़ रहा है। भाजपा सरकार का पूरा ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, नाली, पानी बिजली पर है। समाज के सभी धार्मिक स्थलों को भी सुधारा जा रहा है। इसलिए लोकसभा, जिला पंचायत नगरी निकाय सभी में भाजपा का कब्जा है।
डॉ. द्विवेदीः जांजगीर के सभी कांग्रेसी विधायक भाजपा पर बजट नहीं देने और काम नहीं करने देने का आरोप लगा रहे है?
गुरु खुशवंत साहेबः यह तो कांग्रेसी भी जानते हैं कि कितना काम कांग्रेस में हुआ था और कितना अधिक काम बीजेपी में हो रहा है। कैमरे के सामने भाजपा की बुराई करना कांग्रेसियों की मजबूरी है। कांग्रेसी खुद स्वीकार करते हैं कि शासन और प्रशासन सभी का सहयोग उन्हें मिल रहा है तभी जांजगीर ही नहीं पूरे प्रदेश का विकास एक साथ हो रहा है। इसलिए ही बोल रहा है हिंदुस्तान, मनखे मनखे एक समान।

जांजगीर सहित पूरे प्रदेश में विकास पर ध्यान गगन
जिला पंचायत उपाध्यक्ष और भाजपा नेता गगन जयपुरिया ने कहा कि पिछले दो सालों में भाजपा की सरकार ने जांजगीर ही नहीं पूरे प्रदेश में विकास पर पूरा ध्यान दिया है। उन्होंने तीन प्रमुख सड़कों का जिक्र किया और बताया कि बिर्रा से डबरा, चांपा से जैजैपुर और शहर की कई प्रमुख सड़क बन रही हैं। पिछले दो सालों में सिर्फ शहरी क्षेत्र में ही 300 करोड रुपए के काम हुए है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा सरकार मूलभूत सुविधाओं पर खास तौर पर फोकस कर रही है। इसमें सड़क के साथ ही पेयजल व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं।
सरकार दुश्मनी निभा रही: शर्मा
जांजगीर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि भूपेश सरकार की पल के कारण ही क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई थी लेकिन अब उसे पर कोई काम नहीं हो पा रहा है। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल यह है कि डॉक्टरों की कमी पिछले 2 साल से बनी हुई है। लगातार मांग के बाद भी भाजपा सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। जांजगीर जिले का जिला अस्पताल सिर्फ एक रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। जिला अस्पताल 160 बिस्तरों का है लेकिन अब व्यवस्थाओं के कारण ही इसमें बदहाली छाई हुई है। सरकार ने दिन और एस की नियुक्ति की बात कही है लेकिन वह सिर्फ कागजों में है।

भूपेश सरकार के 5 साल के कार्यकाल में सभी डॉक्टर थे लेकिन भाजपा सरकार आते ही पांच डॉक्टरों ने इस्तीफा दे दिया है उनकी जगह एक भी डॉक्टर पदस्थ नहीं किए गए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2 साल में एक भी सड़क नहीं बनी है और ना ही नालियों का कोई काम हुआ है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में भी सरकार आनाकानी कर रही है और हर कोशिश की जा रही है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी नहीं करना पड़े। कभी टोकन तो कभी लाइन और दूसरी अव्यवस्थाओं के कारण किसान बेहद परेशान है।









