अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बनी, जहां यात्रियों से भरी बस और कैप्सूल वाहन की जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं घटना के बाद एक निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर की दबंगई और पत्रकार से बदसलूकी का मामला भी सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बगीचा थाना क्षेत्र के रौनी घाटी के पास बगीचा से कुसमी जा रही एक यात्री बस की तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन से जबरदस्त टक्कर हो गई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि, बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र स्थित रौनी घाटी में एजाक्स हाइवा और यात्री बस की जोरदार टक्कर में करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए. @JashpurDist #RoadAccident #bus #Truck #Chhattisgarh pic.twitter.com/1241sKZFwm
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 12, 2026
आरोपी ने पुलिस को दिखाई दबंगई
हादसे के दौरान मौके पर मौजूद JLG कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप लगे हैं। घटना की जानकारी जुटाने और वीडियो बनाने पहुंचे एक पत्रकार के साथ सुपरवाइजर ने अभद्रता की। पत्रकार द्वारा ड्राइवर का नाम पूछे जाने पर उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस प्रशासन के साथ भी सहयोग नहीं किया और दबंगई दिखाता रहा।
आरोपी ने पत्रकार का मोबाइल छीन कर नीचे पटका
वहीं घटना स्थल पर हादसे में शिकार हुए लोगो के परिजनों ने सुपरवाइजर का विरोध किया और उस पर कार्यवाही की मांग कर रहे है। फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।










