मुकेश बैस- जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर का अंदाजा न लग पाने से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल उससे जा भिड़ी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राछा भांठा में हुआ। मृतकों की पहचान बेमेतरा जिले के नवागढ़ निवासी करण कश्यप और कार्तिक कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने और ट्रैक्टर पर रिफ्लेक्टर न लगे होने के कारण बाइक सवारों को ट्रैक्टर नजर नहीं आया और यह भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कार ने जवान को रौंदते हुए 200 मीटर तक घसीटा, मौके पर ही मौत
वहीं 16 फरवरी को बालोद जिले में सड़क हादसे में 14वीं बटालियन में पदस्थ जवान की मौत हो गई। दरअसल, यह घटना बीती रात डौंडीलोहारा नगर के पुराना अस्पताल पास की है। मिली जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की आई-20 कार ने जवान को बुरी तरह रौंदा और 200 मीटर से अधिक तक सड़क पर घसीटा। जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई। आपको यह भी बता दें कि, कार में दो से अधिक लोग सवार थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
आरोपियो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह हादसा राजनांदगांव पासिंग सफेद रंग की आई-20 कार से हुआ। यह पूरी घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्रांतर्गत डौंडीलोहारा नगर के पुराना अस्पताल के पास की है। फिलहाल, डौंडीलोहारा पुलिस आगे की कार्यवाही में जुट गई है।









