Logo
मंगलवार की रात नौ बजे बिलासपुर शहर के भीतर बदमाशों ने सराफा कारोबारी की पिटाई कर उनकी कार और लाखों के जेवरात लूट लिए। सुबह कार पुलिस ने बरामद कर ली है।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। मंगलवार की रात शहर के राजकिशोर नगर में सराफा व्यापारी से लूटी गई कार शहर से लगते उरतुम गांव के पास से पुलिस ने बरामद कर ली है। कार को छोड़कर लुटेरे फरार हो गए हैं। कार में रखा ज्वेलरी से भरा बैग लुटेरे अपने साथ ले भागे हैं। कार में रखा था करीब ढाई किलो सोना और साढ़े तीन लाख की नगदी। 

उल्लेखनीय है कि, बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात करीब 9 बजे सनसनीखेज वारदात हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने सराफा कारोबारी संतोष तिवारी को रास्ते में रोककर बेरहमी से मारपीट की। सिर पर हथौड़ी से वार किया और उनकी रेनॉल्ट कार लूटकर फरार हो गए थे। घायल कारोबारी को प्रथम हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके और आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही जिले के आसपास और पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। वारदात के सीसीटीवी फुटेज में कैद होने की भी जानकारी मिल रही है जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

दो गाड़ियों में आकर बदमाशों ने रोका रास्ता
सरकंडा पुलिस के मुताबिक राजकिशोर नगर स्थित तुलसी आवास निवासी संतोष तिवारी की राजकिशोर नगर चौक पर ही महामाया ज्वेलर्स नाम से सराफा दुकान है। मंगलवार की रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर अपनी रेनाल्ट कार (क्रमांक सीजी 10 एएच 7707) से घर की ओर से जा रहे थे। राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड के पास दो गाड़ियों में अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोका। इससे पहले की श्री तिवारी कुछ समझ पाते अज्ञात लोगों ने कार का दरवाजा खोला और पिस्टल के बट और हथौड़ी से श्री तिवारी के सिर पर वार कर दिया। 

मारपीट में बुरी तरह घायल हुए सराफा कारोबारी
इससे श्री तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचते आरोपियों ने श्री तिवारी को कार से निकालकर जमीन पर पटक दिया और उनकी कार लेकर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल श्री तिवारी को प्रथम हास्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं साथ ही पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। 

bullion trader injured

जिंदा कारतूस और मैगजीन मिली
पुलिस ने मौके की जांच की तो एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं जो चले नहीं थे। इसके बावजूद आसपास के लोगों में गोली चलने की अफवाह फैल गई। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या आरोपियों के पास हथियार था या सिर्फ डराने के लिए रखा गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना स्थल से पुलिस ने एक पैशन प्रो बाइक (सीजी 10 पी 0331) और एक कार (सीजी 10 बीजे 8147) बरामद की है, जिन्हें आरोपी छोड़कर भाग निकले हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से अधिक वाहन और कई आरोपी शामिल थे।

व्यापारी की कार में थे लाखों के जेवरात
प्राथमिक जानकारी के अनुसार लूटी ग गई कार में सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। वारदात के पीछे लूट की साजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक व्यापारी के ठीक होने के बाद बयान लिया जाएगा। फिलहाल मौके पर सरकंडा पुलिस के साथ ही शहर भर के थाने के स्टाफ के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। शहर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

5379487