अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नाटक कार्यक्रम देखकर घर लौट रही एक एक नाबालिग लड़की के साथ दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद पहचान छिपाने के इरादे से उसका गाला रेतकर घोंटकर अधमरा हालत में जंगल में फेंक दिया। यह घटना जशपुर के बागबहार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना के बाद किस्मत से वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर जंगल में पड़ी बेहोश लड़की पर पड़ी। उन्होंने मानवता दिखाते हुए बिना देर किए उसे नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। युवती की हालत बेहद गंभीर होने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल पत्थलगांव रेफर किया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की टीम ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल, लड़की का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।









