Logo
जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायल ट्रैवल्स की एक बस ने कार को ठोकर मार दी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं सवार इंजीनियर की जान बाल-बाल बची है।

 जगदलपुर। बस्तर के भानपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक बस ने अनियंत्रित होकर टाटा टियागो कार को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि, इस हादसे में कार चालक, जो नगर पालिका परिषद कोण्डागांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के इंजीनियर हैं, बाल-बाल बच गए।

तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग बना हादसे का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद कोण्डागांव में आवास योजना के इंजीनियर के पद पर कार्यरत मो. फैज जिलानी, कोण्डागांव से जगदलपुर की ओर अपना सरकारी कार्य निपटाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान, जब वे NH-30 पर भानपुरी क्षेत्र से गुजर रहे थे, तो सामने से आ रही एक तेज़ रफ्तार रॉयल ट्रेवल्स की बस ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में गलत दिशा (wrong side) में आकर फैज जिलानी की टाटा टियागो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के फ्रंट और ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह टूटकर बिखर गया, जैसा कि घटनास्थल की तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है।

Jagdalpur-Raipur National Highway road accident

हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार
टक्कर मारने के तुरंत बाद, रॉयल बस के ड्राइवर ने बस को नहीं रोका और वहां से तेज गति से कोण्डागांव की ओर भगा ले गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत भानपुरी पुलिस को सूचना दी और क्षतिग्रस्त कार से घायल इंजीनियर फैज जिलानी को बाहर निकालने में मदद की। सौभाग्य से, इतनी गंभीर टक्कर के बावजूद फैज जिलानी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।

Jagdalpur-Raipur National Highway road accident

कोण्डागांव स्टैंड पर पकड़ी गई बस
भानपुरी पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत कोण्डागांव पुलिस को अलर्ट किया। कोण्डागांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कोण्डागांव बस स्टैंड पर नाकेबंदी की और कुछ ही समय में वहां पहुंची संबंधित रॉयल बस और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया। पुलिस ने बस को ज़ब्त कर लिया है और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

आगे की कार्रवाई जारी
भानपुरी पुलिस ने इस मामले में रॉयल बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के बाद फरार होने का मामला दर्ज किया है। ज़ब्त की गई बस को भानपुरी थाना लाया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज़ रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेकिंग के खतरों को उजागर किया है। 

FIR
Bhanpuri Police
Bhanpuri Police
Bhanpuri Police

5379487