haribhoomi hindi news
जगदलपुर में शनिवार देर रात 4.4 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जिसका केंद्र ओडिशा के कोरापुट के पास था। हल्के झटकों से लोग घरों से बाहर निकल आए।

अनिल सामंत- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार देर रात अचानक आए भूकंप के झटकों ने बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में लोगों को चौंका दिया। रात करीब 11:32 बजे महसूस किए गए इस कंपन के चलते कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र ओडिशा के कोरापुट जिले के पास जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताया गया है, जिसकी तीव्रता 4.4 रिक्टर मापी गई।

झटकों का असर कोरापुट सहित जैपुर और बोरिगुमा क्षेत्रों में भी देखा गया, जहां लोगों ने जमीन में हलचल महसूस की। कुछ स्थानों पर लोग भोजन कर रहे थे या घर के बाहर बातचीत में लगे थे, तभी अचानक कंपन का अनुभव हुआ। इसी तरह जगदलपुर के विभिन्न इलाकों में भी लोगों ने हल्के झटकों की पुष्टि की।

1प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
जगदलपुर शहर के कई मोहल्लों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ स्थानों पर लोगों ने बिस्तर और दीवारों में हल्की कंपन महसूस की। हालांकि झटके हल्के होने के कारण स्थिति जल्द सामान्य हो गई और किसी तरह की बड़ी अफरा-तफरी नहीं मची। राहत की बात यह रही कि, इस भूकंप से कहीं से भी जनहानि या किसी बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासनिक स्तर पर भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

इन लोगों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में किया झटके महसूस
समाचार के अनुसार, जगदलपुर के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अघनपुर छत्रपति शिवाजी वार्ड निवासी अंजली सामंत ने बताया कि वे अपने कमरे में सो रही थीं, तभी अचानक बिस्तर हिलने लगा और वे घबराकर बाहर निकल आईं। इसी तरह रमैया वार्ड निवासी कमल झज्ज, आड़ावाल के सुब्रतो विश्वास सहित अन्य लोगों ने भी हल्का कंपन महसूस होने की जानकारी दी। इसके अलावा प्रसून सिंह चौहान, लक्ष्मी कश्यप, बिजली बैद्य, संजीव, रिंकू शर्मा, रोशन झा, शादाब खान, प्रदीप मालवीय, प्रवीण पाल और मेन रोड निवासी अताउर रहमान ने भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में झटके महसूस होने की पुष्टि की।

भूकंप का केंद्र और असर का दायरा
ओडिशा के कोरापुट जिले के निकट आए इस भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 5 किलोमीटर नीचे स्थित था, जिससे इसका प्रभाव आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किया गया। कोरापुट से लगभग 22 किलोमीटर दूर जैपुर और 44 किलोमीटर दूर बोरिगुमा में भी लोगों ने झटके महसूस किए। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भी इसका असर देखा गया, हालांकि झटके हल्के होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई। विशेषज्ञों के अनुसार कम गहराई में आए भूकंप का असर अधिक क्षेत्र में महसूस होता है, लेकिन तीव्रता कम होने पर नुकसान की संभावना घट जाती है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7