Logo
election banner
समय का पहिया कैसे घूमता है...देखिए कल तक जो गरीब पिता अपने बेटे की हत्या की ठीक से जांच के लिए गिड़गिडा रहा था, आज वही विधानसभा में बैठा है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को बिरनपुर कांड की सीबीआई जांच की घोषणा गृहमंत्री विजय शर्मा ने कर दी है। इस फैसले पर बिरनपुर कांड में अपने युवा बेटे भुवनेश्वर साहू को खो देने वाले पिता और अब विधायक ईश्वर साहू ने कहा है कि, सीबीआई जांच की घोषणा से उनका मन संतुष्ट हुआ।

उल्लेखनीय है कि, बुधवार को विधानसभा में साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाकर बिरनपुर कांड को उठाया था। इसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने बिरनपुर कांड की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की। अब इस मामले के पीड़ित और विधायक ईश्वर साहू ने हरिभूमि डाट काम के सहयोगी समाचार चेनल INH से बातचीत करते हुए कहा कि, सीबीआई जांच की घोषणा से उन्हें और उनके मृत बेअे को न्याय मिलेगा। श्री साहू ने कहा कि, पिछली सरकार से भी मैंने मांग की थी, लेकिन सरकार की नीयत ठीक नहीं थी। कांग्रेस जब सरकार में थी तब उस समय के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शक्ल दिखाने तक नहीं आए। 

उल्लेखनीय है कि, बिरनपुर गांव में जिस युवक भुवनेश्वर साहू की हत्या की गई उसके पिता ईश्वर साहू अब उसी क्षेत्र के विधायक हैं। बुधवार को विधानसभा ईश्वर साहू ने ध्यानाकर्षण के दौरान इस मुद्दे को उठाया। ईश्वर साहू के ध्यानाकर्षण के माध्यम से आरोपियों की गिरफ्तारी के मुद्दे को उठाए जाने पर डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ी घोषणा करते हुए बिरनपुर कांड की CBI जांच की घोषणा की। 

कवर्धा के गोसेवक साधराम हत्याकांड भी गूंजा 

विधानसभा में बिरनपुर कांड के बाद कवर्धा जिले में हाल ही में साधराम यादव की गला रेतकर हत्या का मुद्दा भी गूंजा। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव ने इस हत्याकांड को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने गृहमंत्री से पूछा कि, साधराम की हत्या के मामले में क्या कार्रवाई की जा रही है। इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, मामले में UAPA के तहत कार्रवाई की जा रही है। स्पीकर डॉ रमन सिंह ने कहा- छततीसगढ़ में अब तक किसी मामले में इतनी सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद गृहमंत्री ने बताया कि, पीड़ित परिवार को 5 लाख की सहायता दी गई है।

5379487