फरसगांव में युवक द्वारा दो आदिवासी युवतियों से एक ही मंडप में विवाह करने पर सर्व आदिवासी समाज ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

कुलजोत सिंह संधु - फरसगांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव में एक युवक द्वारा प्रेम संबंध के नाम पर दो आदिवासी युवतियों से एक ही मंडप में विवाह करने का मामला सामने आने के बाद सर्व आदिवासी समाज ने कड़ी नाराजगी जताई है। घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाज में व्यापक आक्रोश फैल गया है।

प्रेस वार्ता में समाज की कड़ी आपत्ति
फरसगांव रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर कोर्राम ने जानकारी दी कि ग्राम बैलगांव के हितेश यादव ने दो युवतियों को अपने घर ले जाकर विवाह किया, जो आदिवासी परंपराओं और सामाजिक नियमों के खिलाफ है।

परंपराओं का उल्लंघन बताते हुए नाराजगी
समाज ने इस पूरे मामले को आदिवासी संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया। समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक संतुलन और परंपराओं को आहत करती हैं।

प्रशासन को सौंपेंगे लिखित शिकायत
सर्व आदिवासी समाज ने बताया कि वे इस मामले में प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपेंगे और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। समाज का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकना आवश्यक है ताकि सामाजिक परंपराओं की गरिमा बनी रहे।

युवाओं से की सामाजिक परंपरा अनुसार विवाह की अपील
समाज प्रतिनिधियों ने युवाओं से अपील की कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को सामाजिक रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुरूप ही संपन्न करें। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।