नकली नोट सप्लायर गिरफ्तार : फरसगांव पुलिस को मिली बड़ी सफलता, उत्तराखंड का निवासी निकला गिरोह का सरगना 

Farasgaon Police, Uttarakhand Resident, Fake Note Gang Leader Arrested
X
फरसगांव पुलिस ने नकली नोट सप्लायर को किया गिरफ्तार
कोंडागांव जिले की फरसगांव पुलिस ने नकली नोट सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले दिनों एक युकां नेता बड़ी संख्या में पांच-पांच सौ के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया था।

कुलजोत संधू- फरसगांव। नकली नोट चलाने की कोशिश करने के मामले में फरसगांव पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिस युवक कांग्रेसी को पुलिस ने 28 अक्टूबर को नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया था, उसे नकली नोट सप्लाई करने वाला शनिवार को पुलिस के हाथ लग गया है।

फरसगांव थाना प्रभारी संजय शिंदे ने बताया कि, नकली नोट के मामले में बड़ी सफलता मिली है। उनहोंने बताया कि, 28 अक्टूबर को नकली नोट के साथ गिरफ्तार आरोपी राजेश सोरी को नकली नोट की सप्लाई करने वाला पकड़ा गया है। पकड़ा गया आरोपी प्रेमानंद सरकार उत्तराखंड का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 500 के 09 नकली नोट कुल 04 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं। इस तरह से पुलिस को अंतर्राजीय नकली नोट सप्लाई करने का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।

नकली नोटों के साथ पकड़ा गया था युकां नेता

उल्लेखनीय है कि, इससे पहले पिछले हफ्ते ही फरसगांव पुलिस ने 500-500 रुपये के नकली नोटों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। आरोपी का नाम राजेश सोरी है, जो ग्राम गुहाबोरण्ड, जिला कोंडागांव का निवासी है। आरोपी के पास से कुल कुल 1 लाख 5 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे। आरोपी युवक कांग्रेस का नेता बताया जा रहा है। उसकी बाइक में भी उपाध्यक्ष ब्लाक युवक कांग्रेस लिखा हुआ है।

ओडिशा से लेकर आ रहा था नकली नोट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश सोरी नकली नोटों को ओडिशा से लाकर छत्तीसगढ़ के बाजारों में खपाने की योजना बना रहा था। उसे फरसगांव थाना क्षेत्र के पासंगी पुल के समीप संदेहास्पद गतिविधियों के आधार पर पकड़ा गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के कुल 210 नकली नोट बरामद किए।

मामले की तह तक जाने में जुटी थी पुलिस

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नकली नोटों के निर्माण और प्रसार के आरोप में मामला दर्ज किया था। पुलिस का मानना है कि, आरोपी किसी बड़े नकली नोट निर्माण गिरोह का हिस्सा हो सकता है। मामले की तह तक जाने की कोशिशों में जुटी पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। नकली नोट का सप्लायर अब पकड़ा गया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story