चुनावी संवाद : कांग्रेस ने महिलाओं को 500 तो दिए नहीं, एक लाख क्या देंगे, इन पर कोई भरोसा नहीं करता

Mahasamund BJP candidate Roopkumari Chaudhary, Haribhoomi and INH Editor-in-Chief Dr. Himanshu Dwive
X
महासमुंद लोकसभा की भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी से डॉ. हिमांशु द्विवेदी का चुनावी संवाद
Exclusive : महासमुंद भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने 'सार्थक संवाद' शो में ख़ास बातचीत । यहां देखें वीडियो-

रायपुर। महासमुंद भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी का कहना है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में महिलाओं को पांच-पांच सौ रुपए देने का वादा किया था, उसको तो पूरा नहीं किया, अब एक-एक लाख देने की बात कर रहे हैं। इनके वादों पर जनता भरोसा नहीं करती। जनता जानती है कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए झूठा वादा करती है। छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर भाजपा की जीत होगी। हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी से चुनावी संवाद में भाजपा प्रत्याशी ने जो बात की उसके अंश प्रस्तुत हैं।

▶ विधानसभा का टिकट तो मिला नहीं, लोकसभा का मिल गया, कितनी हैरत में हैं आप?

▶ विधानसभा का 2018 में टिकट न मिलने के बाद भी मैं लगातार अपना काम कर रही हूं। इस समय जिलाध्यक्ष का काम देख रही हूं। पिछले चुनाव में भी विधानसभा का टिकट नहीं मिला, लेकिन अब पार्टी ने मुझ पर भरोसा करके लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी अपने स्तर पर फैसला लेती है।

▶ पार्टी ने आपको किस लिए टिकट दिया है?

▶ पार्टी ने मुझे क्या सभी लोकसभा के प्रत्याशियों को टिकट सांसद बनाने के लिए ही दिया है। भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है और उनको आगे बढ़ाने का भी काम करती है। छत्तीसगढ़ में तीन महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है।

▶ ताम्रध्वज साहू को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है, आप कितना घबरा रही है?

▶ बिलकुल घबरा नहीं रही हूं। मैं लगातार यहां पर काम कर रही हूं। जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों के साथ विष्णुदेव साय के सुशासन पर भरोसा है। 2018 में भाजपा हार गई थी, लेकिन पिछले चुनाव में अपने तीनों कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भाजपा ने जीत प्राप्त की है। ताम्रध्वज साहू अच्छे नेता और बड़े नेता हैं। महासमुंद के प्रभारी मंत्री रहते हुए उन्होंने यहां के लिए कोई काम नहीं किया है। उनकी कोई उपलब्धि नहीं है। जनता भाजपा के साथ है इसलिए हमें भरोसा है कि हम चुनाव जीतेंगे। कांग्रेस के नेता हैं कहां प्रदेश में। सबके सब तो भाजपा में प्रवेश कर रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं का ही कांग्रेस से विश्वास उठ रहा है। भाजपा में आने वाले कांग्रेसी अब राष्ट्र सेवा को समझ रहे हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों को समझ रहे हैं। हमको भरोसा है कि भाजपा की संगत का असर होगा और कांग्रेस के लोग भी देश और राष्ट्र
सेवा को समझकर काम करेंगे।

▶ चुन्नीलाल साहू के पांच साल का कार्यकाल आपको इस चुनाव में कितना भारी पड़ रहा है?

▶ कोई मुश्किल नहीं हो रही है। वे पांच साल तक सांसद रहे, अच्छा काम किया है। रही बात प्रत्याशी बदलने की तो, इसलिए तो भाजपा पर सबको भरोसा है। मैं और चुन्नीलाल साहू एक साथ एक ही मंच पर कार्यक्रमों में जा रहे हैं, कहीं कोई परेशानी नहीं है। यह सब भाजपा में ही संभव है।

▶ अच्छा काम करने वालों की टिकट क्यों कट जाती है भाजपा में?

▶ चुन्नीलाल साहू का 2018 में विधानसभा का टिकट कट गया था, लेकिन उनको 2019 में लोकसभा का टिकट दिया गया। 2018 में मुझे टिकट नहीं मिला, पार्टी ने मुझे योग्य समझा और जिलाध्यक्ष का काम दिया। अब लोकसभा के लिए टिकट दिया। चुन्नीलाल साहू के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज मिला, बहुत से काम हुए हैं। कामों की लंबी लिस्ट है।

▶साय सरकार के कामों के बारे में कुछ बताएं?

▶साय सरकार का सौ दिनों का काम बहुत अच्छा हुआ है। मोदी की गारंटी को लगातार पूरा करने का काम हो रहा है। जो वादे भाजपा ने किए थे, वो वादे हमारी साय सरकार पूरे कर रही है। इसका फायदा चुनाव में जरूर मिलेगा। कांग्रेस सरकार में केवल भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं हुआ। विकास का एक भी काम नहीं हुआ। इसलिए कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

▶ कांग्रेस ने घोषणा की है सरकार बनने पर महिलाओं को एक लाख रुपए साल का देंगे?

▶ कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में पिछले चुनाव में महिलाओं को पांच सौ रुपए देने का वादा किय था, उसको तो पूरा नहीं कर सके अब एक लाख देने की बात कह रहे हैं। कौन भरोसा करेगा उनकी बातों पर। भाजपा ने जब महतारी वंदन में 12 हजार रुपए देने की बात की तो भूपेश बघेल ने साल में 15 हजार देने की बात की थी, लेकिन जनता ने उनकी बात पर भरोसा नहीं किया। इन्होंने शराबबंदी का वादा किया था, इसको पूरा किया क्या। इनका कोई वादा पूरा नहीं हुआ है। देश की पूरी जनता को मोदी की गारंटी और मोदी जी पर विश्वास है। छत्तीसगढ़ की साय सरकार पर विश्वास है।

▶ धमतरी में किसके भरोसे हैं?

▶ पूरी भाजपा काम कर रही है। हमारे नेता है। रूप कुमारी चौधरी तो सिर्फ महासमुंद की प्रत्याशी है, हमारा असली प्रत्याशी तो कमल का फूल है। हम सब तो मोदी जी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। एक-एक कार्यकर्ता प्रत्याशी बनकर काम कर रहा है, चाहे वो धमतरी की बात हो या फिर कहीं की भी बात हो।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story