चुनावी संवाद : मोदी के कामों का ऐसा आकर्षण, इस बार बिलासपुर से रिकॉर्ड मतों से मिलेगी जीत

Lok Sabha candidate Tokhan Sahu,Haribhoomi and INH editor-in-chief Dr. Himanshu Dwivedi
X
बिलासपुर के लोकसभा प्रत्याशी तोखन साहू से डॉ.हिमांशु द्विवेदी का चुनावी संवाद
Exclusive : बिलासपुर के लोकसभा प्रत्याशी तोखन साहू  से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने 'सार्थक संवाद' शो में ख़ास बातचीत । यहां देखें वीडियो-

रायपुर। बिलासपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू का कहना है, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के दस साल के कामों का ऐसा आकर्षण है कि इस बार बिलासपुर लोकसभा से भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जीत मिलेगी। हमारे प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने मोदी की गारंटी को लगातार पूरा करने का जो काम किया है, उसका फायदा भी मिलेगा। हरिभूमि आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी से चुनावी संवाद में हुई उनकी बातचीत के अंश प्रस्तुत हैं।

▶सीधे आपको लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया है, क्या मामला फिट किया जो टिकट मिला?

▶ विधानसभा में मैंने टिकट जरूर मांगा था, मैंने तो छोटा मांगा था, मुझे बड़ा दे दिया है। यह सिर्फ भाजपा में ही हो सकता है।

▶लोग तोप का लायसेंस मांगते हैं, कट्टे का मिल जाता है। आपके साथ तो उल्टा हो गया है। कितने हैरान और परेशान हैं?

▶कोई हैरान और परेशान नहीं हूं। यह भाजपा है, यहां पर सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ते हैं। मैंने विधानसभा में टिकट मांगा था, उस समय हमारे प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव को मैदान में उतारा गया था। हम सबने मिलकर काम किया और आज श्री साव डिप्टी सीएम हैं।

▶ कितना मलाल है, लोरमी से चुनाव लड़ने वाले अरुण साव डिप्टी सीएम बन गए, उनके स्थान पर आप हो सकते थे?

पार्टी को कब कहां किस कार्यकर्ता को किस काम में लगाना है, पार्टी जानती है। पार्टी ने फैसला किया है और मुझे लोकसभा का टिकट दिया है। मुझ जैसे छोटे से कार्यकर्ता को बिलासपुर जैसी सीट से प्रत्याशी बनाना मेरे लिए बड़ी बात है।

▶ एक विधानसभा के चुनाव में बहुत खर्च हो जाता है, लोकसभा में तो कई विधानसभाएं हैं, पैसों को लेकर कितने परेशान हैं?

▶कोई परेशानी की बात नहीं है। इस चुनाव को जनता लड़ रही है,नरेंद्र मोदी के नाम से। सब एक ही बात कर रहे हैं एक बार फिर से मोदी सरकार।

▶ चुनाव कौन लड़ा रहा है, अमर अग्रवाल या अरुण साव किसके भरोसे हैं?

▶देखिए पार्टी चुनाव लड़ा रही है। हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। कोई भी चुनाव पार्टी के नेता लड़वाते हैं। हम चुनाव नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ रहे हैं।

▶ केवल मोदी के भरोसे हैं या फिर कुछ भरोसा विष्णुदेव साय और किरण देव पर भी है?

▶हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं, भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है। यहां का प्रत्येक कार्यकर्ता तोखन साहू है। कहीं कोई परेशान नहीं है। पहले दिन से ही सभी अपने-अपने काम पर लग गए हैं।

▶ धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल मंत्री नहीं बन पाए हैं, ऐसे आहत लोग, वो आपको परेशान तो नहीं कर रहे हैं?

▶कहीं कोई आहत नहीं है। मैं धरमलाल कौशिक और अमर अग्रवाल के साथ चुनाव प्रचार में गया था। धर्मजीत सिंह के साथ भी चुनाव प्रचार करके आ रहा हूं। हमारे सभी नेता पूरी तन्मयता के साथ चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।

▶आपमें क्या कमाल है जो सभी नेता आपको जिताने में लगे हैं, कैसे सेट किया?

▶ भाजपा के संस्कार नहीं हैं किसी को निपटाने का। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता तो जीतने के लिए ही चुनाव लड़ते हैं। बिलासपुर लोकसभा में इस बार एक नया रिकॉर्ड बनने वाला है।

▶ तोखन साहू में ऐसा क्या आकर्षण है जो आप रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे?

▶इस चुनाव में आकर्षण का केंद्र हैं नरेंद्र मोदी। केंद्र सरकार ने जो दस साल में काम किया है, वह है आकर्षण। आकर्षण का केंद्र है कश्मीर से धारा 370 का हटना, राम मंदिर का बनना और कई सारी योजनाएं जो केंद्र सरकार ने जन कल्याण के लिए बनाई है।

▶ विष्णुदेव साय के सुशासन की बात चल रही है, उससे कितनी मदद मिल रही है?

▶ साय सरकार के सौ दिन पूरे हुए हैं। सौ दिन में साय सरकार ने तो चमत्कार ही कर दिया है। मोदी की गारंटी को लगातार पूरा करने का काम किया जा रहा है। साय सरकार के कामों का भी चुनाव में बड़ा फायदा मिलेगा।

▶बिलासपुर को क्या मिलेगा तोखन साहू के सांसद बनने पर?

▶ हर किसी का जीवन स्तर ऊपर उठे इसके लिए हमारी सरकार काम कर रही है। हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया जाएगा। प्रयास होगा कि रद्द ट्रेनें फिर से प्रारंभ हों। जहां पर ट्रेनों का स्टापेज नहीं है, वहां पर स्टापेज हो इसका प्रयास भी करेंगे।

▶ सरकार कांग्रेस की बननी थी, भाजपा की बन गई, ईवीएम को लेकर बात की जाती है, आप क्या कहते हैं?

▶ भूपेश बघेल की सरकार को जनता नकार चुकी है। ये लोग गंगाजल हाथ में लेकर बोले थे शराबबंदी करेंगे। इनकी सारी बातें झूठी साबित हुईं। कांग्रेस सरकार ने सिर्फ घोटाले करने का काम किया। शराब, कोल, रेत, गौठान घोटाला। ऐसे कई घोटाले हैं जो कांग्रेस सरकार ने किए और जनता ने इनको नकार दिया। कांग्रेस ने पांच साल में केवल जनता को लूटने का काम किया। भूपेश बघेल के केवल दिखावे का काम किया- भौंरा चलाना, गेड़ी में चढ़ना आदि।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story