धमतरी। छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत और भविष्य की प्राथमिकताओं पर व्यापक मंथन के लिए 20 फरवरी शुक्रवार को शाम 4 बजे से हरदिहा साहू समाज भवन रत्नाबांधा रोड धमतरी में जिला संवाद 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम देश के प्रतिष्ठित मीडिया समूह हरिभूमि एवं आईएनएच द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी करेंगे, जो विभिन्न सत्रों में प्रदेश और जिले के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा को दिशा देंगे।
सरकार के दो साल के कामकाज की होगी समीक्षा
बढ़ते भारत की आवाज की थीम पर आयोजित इस संवाद में सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों, योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक चुनौतियों और विकास के रोडमैप पर गहन चर्चा होगी। पहले सत्र में प्रीतेश गांधी प्रदेश सहकार्यालय मंत्री भाजपा, नीशु चंद्राकर (पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष), दीपक ठाकुर (समाजसेवी धमतरी), रोमी सावलानी (गंगरेल ग्रीन बिल्डर) शामिल होंगे। दूसरे सत्र में अबिनाश मिश्रा (कलेक्टर धमतरी), सूरज सिंह परिहार (एसपी धमतरी) होंगे। तीसरे सत्र में रंजना डीपेन्द्र साहू (पूर्व विधायक, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा), प्रकाश बैस (भाजपा जिलाध्यक्ष), मोहन लालवानी (पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस), कविता योगेश बाबर (जिला पंचायत सदस्य धमतरी) मौजूद रहेंगे।
चर्चा में ये जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल
चौथे सत्र में अजय चंद्राकर (कुरूद विधायक, पूर्व मंत्री) व पांचवें सत्र में रूपकुमारी चौधरी (सांसद महासमुंद लोकसभा), ओंकार साहू (धमतरी विधायक), अंबिका मरकाम (सिहावा विधायक), जगदीश रामू रोहरा (महापौर नगर निगम धमतरी), अरूण सार्वा (अध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी) शामिल होंगे। छठवें सत्र में टंकराम वर्मा (राजस्व मंत्री प्रभारी मंत्री जिला) मौजूद रहेंगे। संवाद के दौरान जिले में संचालित अधोसंरचना परियोजनाओं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रामीण और शहरी विकास, कृषि, रोजगार, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की एक मंच पर उपस्थिति इस कार्यक्रम को निष्पक्ष, तथ्यात्मक और सार्थक संवाद का सशक्त माध्यम बना रही है।