धमतरी जिले में पहली बार गंगरेल बांध की मनमोहक जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। 

उमेश सिंह बशिस्ट- धमतरी। जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार गंगरेल बांध की मनमोहक जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की रोमांचक प्रतिस्पर्धा में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर उत्साह और जनसहभागिता का अद्भुत माहौल देखने को मिला। 

52 टीमों ने दिखाया दम
इस प्रतियोगिता में धमतरी सहित कांकेर और बालोद जिलों की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे। 

महिला सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र
ग्रामीण अंचलों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन की विशेष पहचान रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन एवं दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव से हिस्सा लेकर न केवल प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बनाया, बल्कि महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी दिया।

प्रतियोगिता के परिणाम
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 
प्रथम स्थान: रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद
द्वितीय स्थान: सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी
तृतीय स्थान: कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी

विशेष पुरस्कार
वेशभूषा: पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद
सजावट: रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद

पुरस्कार राशि
प्रथम: ₹1,00,000
द्वितीय: ₹50,000
तृतीय: ₹25,000
सजावट/वेशभूषा: ₹11,000
महिला प्रतिभागियों हेतु सांत्वना पुरस्कार: ₹15,000, ₹10,000 एवं ₹5,000 

अन्य प्रमुख गतिविधियाँ
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मत्स्य विभाग द्वारा 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए और जल सुरक्षा के लिए वॉटर एंबुलेंस का शुभारंभ भी किया गया।

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे जिले के लिए मील का पत्थर बताया। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देंगे, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी नया मंच प्रदान करेंगे। ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ ने धमतरी को एक नई पहचान देते हुए इसे राज्य के उभरते पर्यटन एवं जल क्रीड़ा केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत कदम साबित किया है।