Logo
भाजपा समर्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम पर बीच सड़क ट्रक रोककर और पुलिस की एफएसएल यूनिट से विवाद को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। 

पंकज भदौरिया- दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में भाजपा समर्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। बीच सड़क पर ट्रक रोककर आवागमन बाधित करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में उनके खिलाफ भांसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने सुकमा से आई पुलिस विभाग की एफएसएल टीम से भी दुर्व्यवहार किया और सरकारी कर्मचारियों से गाली-गलौज व धमकी दी। 

मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम अपने कुछ साथियों के साथ बीच सड़क पर एक मालवाहक ट्रक को रोककर उससे बहस करने लगे। ट्रक के सड़क पर खड़े हो जाने से दोनों ओर से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

पुलिस की एफएसएल यूनिट से उलझने का आरोप 
इसी दौरान सुकमा जिले से शासकीय कार्य के लिए दंतेवाड़ा जा रही पुलिस विभाग की एफएसएल टीम उसी स्थान पर पहुंच गई। टीम में एक महिला कर्मचारी, दो वैज्ञानिक अधिकारी, एक कांस्टेबल और वाहन चालक शामिल थे। ड्राइवर ने पहले हॉर्न बजाकर रास्ता देने का अनुरोध किया, लेकिन जब सड़क खाली नहीं हुई तो उसे सायरन का सहारा लेना पड़ा। आरोप है कि सायरन बजने से नाराज होकर अरविंद कुंजाम और उनके साथियों ने अपना आपा खो दिया और सरकारी वाहन रोककर एफएसएल टीम से उलझ गए।

एफआईआर में उपाध्यक्ष पर गाली-गलौज करने का आरोप 
एफआईआर में बताया गया है कि उपाध्यक्ष ने अपने पद का रौब दिखाते हुए पहले गाली-गलौज की, फिर सरकारी कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी तक दी। काफी देर बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद एफएसएल टीम दंतेवाड़ा पहुंची और थाने में पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली में शून्य पर प्रकरण दर्ज कर मामला भांसी थाने भेजा गया।

पुलिस ने इन मामलों के तहत केस किया दर्ज 
पुलिस के अनुसार अरविंद कुंजाम पर सड़क जाम करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, धमकी देने और शासकीय कर्मचारियों से अभद्रता करने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

उपाध्यक्ष ने जानकारी नहीं होने का जवाब देकर झाड़ा पल्ला 
वहीं इस पूरे मामले पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उस वाहन में कौन सवार था। उन्होंने दावा किया कि उस जगह भारी भीड़ थी और वे केवल सड़क क्लियर कराने गए थे।  

5379487