Logo
दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में पत्रकार रौनक शिवहरे की गिरफ्तारी के विरोध में बस्तर संभाग के सातों जिलों में पत्रकारों ने मौन धरना दिया।

पंकज भदौरिया- दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में गीदम थाना क्षेत्र में हाल ही में सामने आए विवादित प्रकरण को लेकर बस्तर संभाग के पत्रकारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में एक पत्रकार की गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई को लेकर पत्रकार संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए सोमवार को दंतेवाड़ा सहित बस्तर संभाग के सातों जिलों में मौन धरना प्रदर्शन किया। दंतेवाड़ा में पत्रकारों ने एक घंटे का मौन धरना देकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की।

दरअसल, कुछ दिनों पहले गीदम थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के परिजनों के साथ हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में बास्तानार के इरपा गांव का एक ग्रामीण लापरवाहीपूर्वक अनियंत्रित ट्रैक्टर चलाते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई थी। इसके बाद घटना स्थल पर ट्रैक्टर चालक के साथ हुई मारपीट का दूसरा वीडियो भी वायरल हुआ। इन वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

पत्रकार रौनक शिवहरे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के विरोध में विशेष समुदाय के एक समूह ने जिला बंद, उग्र प्रदर्शन और चक्का जाम जैसे कार्यक्रम आयोजित किए। इस बीच पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पत्रकार और उसके परिजनों के खिलाफ मारपीट की गंभीर धाराओं के साथ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने पत्रकार रौनक शिवहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।qपत्रकार के परिजनों की गिरफ्तारी की मांग
हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। दूसरे पक्ष की ओर से दंतेवाड़ा पुलिस को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया गया है, जिसमें पत्रकार के परिजनों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। इस स्थिति को देखते हुए बस्तर संभाग के पत्रकारों ने पुलिस की कार्रवाई को जल्दबाजी और दबाव में की गई कार्रवाई बताते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया है।

एसडीएम को कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन 
दक्षिण बस्तर पत्रकार संघ के आह्वान पर संभाग के सभी जिलों में पत्रकारों ने शांतिपूर्ण तरीके से मौन धरना देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में आयोजित धरना प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने एसडीएम लोकांश एल्मा को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की पुनः जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।

पत्रकारों ने की जांच की मांग
धरना कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय से भी मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों ने पूरे प्रकरण की बिंदुवार जानकारी देते हुए कहा कि एक छोटे से सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद अचानक गंभीर धाराओं और एट्रोसिटी एक्ट में बदल गया, जो कई सवाल खड़े करता है। पत्रकारों ने मांग की है कि, मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित किया जाए।

मौके पर ये रहे उपस्थित
इस मौके पर किरंदुल, बचेली और दंतेवाड़ा सहित जिले के प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और न्याय नहीं मिलता, तब तक वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।

7