हरदी गांव में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों के जाल में अचानक एक मगरमच्छ फंस गया। जिसे ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के वनांचल इलाके के बार नवापारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदी में एक बेहद अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब मछली पकड़ने गए ग्रामीणों के जाल में अचानक एक मगरमच्छ फंस गया। आबादी क्षेत्र के निस्तार तालाब में मगरमच्छ दिखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ मगरमच्छ को जाल से सुरक्षित बाहर निकाला। वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में यह रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई और विशेषज्ञों की सलाह पर उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने के लिए जंगल सफारी नवा रायपुर में छोड़ दिया गया, जहां उसे अनुकूल वातावरण मिल सके। 

जाल में फंसा मगरमच्छ 

वन विभाग ने ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना
वन विभाग ने ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है, क्योंकि पहली बार गांव के तालाब में इस तरह मगरमच्छ मिलने से लोग हैरान रह गए।

डीएफओ ने दी जानकारी 
वही गांव में मगरमच्छ मिलने की बात को लेकर डीएफओ गणवीर धम्मशील ने बताया कि कुछ साल पहले बार नयापारा क्षेत्र में क्रोकोडाइल पार्क बनाए जाने को लेकर कुछ मगरमच्छ लाए गए थे। उन्हें में से कुछ मगरमच्छ के अंडे से छोटे मगरमच्छ निकलकर बाहर तालाब में चले गए होंगे जो अब बड़े होने के बाद जाल में फंसे हैं।